|
|
|
|
 |
|
|
|
|
|
|
|
 |
|
|
प्रदेश की समद्धि एवं विकास
के लिए जनता का सहयोग जरूरी - मुख्यमंत्री श्री चौहान
सिवनी में नर्सिंग कालेज खोलने के लिए 6 करोड़ रू देने की
घोषणा
Seoni:Wednesday, October 21, 2009:
आगामी 01 नवम्बर को म.प्र. राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर
प्रदेश को समृद्ध एवं विकसित राज्य बनाने का संकल्प लिया
जायेगा। इसमें आम जनता के साथ ही समाज के सभी वर्गो को
ईमानदारी से सहयोग करना होगा। प्रदेश को इतना विकसित एवं
समृद्ध राज्य बनाया जायेगा कि लोग अपने आप को म.प्र. राज्य
का निवासी होने पर गर्व कर सके। यह बाते मुख्यमंत्री श्री
शिवराज सिंह चौहान ने आज सिवनी में जिला स्तरीय लोक कल्याण
शिविर एवं गरीब सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर
आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री श्री देवसिंह
सैयाम, म.प्र. शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सहकारिता
मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, सांसद श्री के.डी. देशमुख,
विधानसभा उपाध्यक्ष ठाकुर हरवंश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष
श्रीमती प्रीता ठाकुर, विधायक श्रीमती नीता पटेरिया, श्रीमती
शशि ठाकुर, कमल मर्सकोले, सुदर्शन बाझल अन्य जनप्रतिनिधिगण
तथा अधिकारीगण मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय
को संबोधित करते हुए कहा कि सिवनी को इस तरह से विकसित किया
जायेगा कि यह प्रदेश का सबसे सुंदर शहर होगा। नगर के मध्य
में स्थित दल सागर को इस तरह से सजाया संवारा जायेगा कि यह
एक आदर्श पर्यटन स्थल बन जायेगा। सिवनी शहर के विकास के लिए
प्रदेश सरकार कोई कसर बाकी नहीं रखेगी। सिवनी से गुजरने वाले
राष्ट्रीय राजमार्ग की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि
प्रदेश सरकार को चाहे जितनी भी कानूनी लड़ाई लड़ना पड़े
लेकिन इस राष्ट्रीय राजमार्ग के मार्ग को नहीं बदलने दिया
जायेगा। शेरशाह सूरी के जमाने से बना यह मार्ग हमारे प्रदेश
के विकास के लिए जीवन रेखा की तरह है।
श्री चौहान ने किसानों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश
सरकार खेती को घाटे का सौदा नहीं बनने देगी। खेती की लागत कम
करने के लिए प्रदेश सरकार ने किसानों को इस वर्ष से मात्र 3
प्रतिशत ब्याज पर बीज एवं खाद्य के लिए कर्ज देने का इंतजाम
कर दिया है। धान उत्पादक किसानों को धान के समर्थन मूल्य पर
50 रू प्रति क्विंटल का बोनस प्रदेश सरकार द्वारा दिया
जायेगा। उन्होंने बताया कि केन्द्र शासन से आगामी रबी सीजन
के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य कम से कम 1400 रू. प्रति
क्विंटल घोषित करने की मांग की गई है। केन्द्र सरकार द्वारा
गेहूं का समर्थन मूल्य जितना भी घोषित किया जायेगा उस पर
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को 100 रू. प्रति क्विंटल का
बोनस दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी
वर्गों का कल्याण चाहती है। गरीबों के बच्चों को उच्च शिक्षा
के लिए बैंक से कर्ज लेने पर गारंटी मांगी जाती थी। लेकिन अब
प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि गरीब के बच्चों को उच्च
शिक्षा के लिए कर्ज लेना पड़ेगा तो उसकी गारंटी प्रदेश सरकार
लेगी। शासकीय कर्मचारियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि
प्रदेश सरकार उनके एरियर्स की राशि का भी पूरा भुगतान करेगी।
लेकिन कर्मचारियों को थोड़ा धैर्य रखना पड़ेगा। शिक्षा
कर्मियों का वेतन भी बढ़ाकर 6 से 7 हजार रू. मासिक तक कर
दिया गया है।
श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार उन गरीबों, दीन दुखियों
की चिंता कर रही है जिन्हे दो बक्त की रोटी का इंतजाम करने
में भी दिक्क्त्तें आ रही है। दिसम्बर 2008 तक जिन गरीब
आदिवासियों के भूमि पर कब्जे है उन्हें भूमि के मालिकाना हक
के पटटे दिये जायेगें। उन्होंने कहा कि जनवरी 2010 से पूरे
मध्यप्रदेश में वनवासी कल्याण यात्रा शुरू की जायेगी। जिसमें
वे स्वयं शामील होंगें और मौके पर देखेंगें कि हितग्राही को
हकीकत में भूमि का पटटा मिला है या नहीं। गरीब रिक्शेवाले व
हाथठेले वाले तथा घरों में काम करने वाली बाईयों की भी
प्रदेश सरकार ने चिंता की है। इन सभी लोगों को परिचय पत्र
प्रदान किये जायेंगें। इन वर्गो के बच्चों को शिक्षा के लिए
गणवेश से लेकर पुस्तके तक सभी सुविधायें शासन की ओर से दी
जायेंगी। गरीबी रेखा से नीचे के व्यक्तियों को बीमार पड़ने
पर दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना के अंतर्गत 20 हजार रू. तक
की दवायें मुफ्त में देने का इंतजाम किया गया है।
भूमि घोटालों की जांच के लिए कमेटी गठित
श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आम जनता की समस्याओं
के त्वरित निदान के लिए शासकीय कार्यालयों में जनसुनवाई का
कार्यक्रम शुरू किया है। यह कार्यक्रम प्रत्येक मंगलवार को
प्रात: 11 से दोपहर एक बजे तक चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि
प्रदेश में नकली खाद्य सामग्री व अन्य चीजें बेचने वालों को
बख्शा नहीं जायेगा। जमीन घोटाले की चर्चा करते हुए उन्होंने
कहा कि प्रदेश में पिछले 30 सालों में जितने भी जमीन घोटाले
हुए उनकी जांच के लिए आयुक्त जनसम्पर्क श्री मनोज श्रीवास्तव
की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है । कमेटी
की जांच में दोषी पाये जाने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं
जायेगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर सिवनी में नसिंर्ंग
काजेल खोलने के लिए 6 करोड़ रू. देने की घोषणा की। उन्होंने
सिवनी में प्राईवेट सेक्टर के सहयोग से मेडीकल कालेज शुरू
करने पर भूमि व अन्य जरूरी सुविधायें शासन की ओर देने का
आश्वासन दिया। उन्होंने सिवनी जिले की 35 माध्यमिक शालाओं के
भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 55 लाख रू. की राशि मंजूर करने
की घोषणा की। सिवनी के स्टेडियम में बैडमिंटन हाल बनाने के
लिए 44 लाख 5 हजार रू. देने की घोषणा की।
श्री चौहान ने कार्यक्रम में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत
पात्रता रखने रखने वाले हितग्राहियों को वन अधिकार प्रमाण
पत्र, लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिकाओं को 6-6 हजार
रू. के राष्ट्रीय बचत पत्र, आदिवासी वित्त विकास निगम योजना
के अंतर्गत दो हितग्राहियों को अनुदान राशि के चेक, दो
महिलाओं को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत 10-10
हजार रू. की सहायता राशि के चेक प्रदाय किये।
सिवनी में हाट-बाजार के लिए 1.50 करोड रू. मंजूर
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों के
गरीबी रेखा से नीचे के व्यक्तियों के स्वयं सहायता समूहों
द्वारा उत्पादित सामग्री के विक्रय के लिए सिवनी में एक
करोड़ 50 लाख रू. की लागत से ग्रामीण हाट-बाजार बनाने की
घोषणा की। यह राशि स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना से दी
जायेगी। सिवनी में इस हाट बाजार के बन जाने से ग्रामीण
क्षेत्रों के स्वयं सहायता समूहों को एक बाजार मिल जायेगा।
जिससे वे बाजार की मांग से परिचित हो सकेगें और उसी के
अनुरूप अपना उत्पाद तैयार करने की प्रेरणा ले सकेगें। इस हाट
बाजार के बनने ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए
एक नया रास्ता मिल जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की रिक्शे की सवारी
नई गाड़ी चलाने का शौक हर किसी को होता है। नई नवेली गाड़ी
सामने आ जाये तो हर कोई उसे चलाकर जरूर देखना चाहता है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भी आज सिवनी में गरीब
रिक्शेवाले को जब रिक्शा सौंप रहे थे तो वे भी रिक्शे की
सवारी का लोभ नहीं छोड़ पाये।
सिवनी में आज आयोजित जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर में जिले
के नगरीय क्षेत्रों के 78 रिक्शा वालों तथा 16 हाथठेले वालों
को स्वर्ण जयंती शहरी रोजगार योजना के अंतर्गत अनुदान व ऋण
पर रिक्शा व हाथठेले सौंपे गये। इन हितग्राहियों को
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने हाथों से रिक्शा व हाथठेले
के मालिक होने का प्रमाण पत्र सौंपा। श्री चौहान जब लखनादौन
के इत्तुलाल को रिक्शा सौंप रहे थे उनका भी मन रिक्शा चलाने
कर देखने के लिए मचल उठा। उन्होंने इत्तुलाल की खुशियों में
शरीक होते हुए उसे रिक्शे पर बैठाकर स्वयं कुछ दूरी तक
रिक्शा भी चलाया। इत्तुलाल भी मुख्यमंत्री श्री चौहान की इस
उदारता एवं सहृदयता से अभिभूत हो गया।
इन रिक्शेवालों का स्वयं का रिक्शा नहीं होने के कारण किराये
से रिक्शा लेकर दिनभर सवारी ढोने का काम करना पड़ता था। दिन
भर की कमरतोड़ मेहनत के बाद कमाई का एक बड़ा हिस्सा रिक्शा
मालिक को किराये में देना पड़ता था। लेकिन इन 78 व्यक्तियों
के पास स्वयं का रिक्शा हो जाने से उन्हें कमाई का हिस्सा
नहीं बांटना पड़ेगा। इन हितग्राहियों को 10 हजार रू. मूल्य
का रिक्शा प्रदाय किया गया है। जिसमें 500 रू. हितग्राही से
अंशदान के रूप में लिया गया है तथा 2500 रू. का अनुदान दिया
गया है। शेष राशि हितग्राहियों को बैंक से कर्ज के रूप में
मुहैया कराई गई है। कर्ज के अदा होते ही रिक्शेवाले रिक्शे
असली मालिक बन जायेंगें। इसी प्रकार हाथठेले के लिए
हितग्राही से 900 रू. का अंशदान लिया गया है तथा उसे 5100
रू. का कर्ज बैंक से दिलाया गया है।
कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के कमिश्नर श्री प्रभात पाराशर,
कलेक्टर श्री मनोहर दुबे, पुलिस अधीक्षक श्री रमनसिंह
सिकरवार तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
गौमाता को कत्लखाने ले जाने वालों पर लगेगा रासुका
प्रदेश में गौमता के अवैध कारोबार करने वाले, उसे कत्लखाने
ले जाने वाले एवं निरीह पशुओं की तस्करी में लिप्त
व्यक्तियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत
कार्यवाही की जायेगी। यह बाते मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह
चौहान ने आज बींझावाड़ा सिवनी में दिगम्बर जैन गौशाला में
नलकूप खनन कार्य के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में
कही। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार गौशाला
के विकास में हर संभव मदद करेगी। उल्लेखनीय है कि इस गौशाला
में जनभागीदारी योजना के अंतर्गत 2 लाख 50 हजार रू. की लागत
से पशुओं के लिए गर्मियों के दिनों में पेयजल की व्यवस्था के
लिए नलकूप खनन किया जा रहा है। गौशाला में वृद्ध, कमजोर,
अपाहिज व नि:शक्त पशुओं की देखभाल की जा रही है। इतना ही
नहीं इसमें जैविक खाद, जल संरक्षण, फलोद्यान जैसे कार्य भी
किये जा रहे है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री
श्री देवसिंह सैयाम, म.प्र. शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी
एवं सहकारिता मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, सांसद श्री के.डी.
देशमुख, विधानसभा उपाध्यक्ष ठाकुर हरवंश सिंह, जिला पंचायत
अध्यक्ष श्रीमती प्रीता ठाकुर, विधायक श्रीमती नीता पटेरिया,
श्रीमती शशि ठाकुर, कमल मर्सकोले, सुदर्शन बाझल अन्य
जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारीगण मौजूद थे।
दल सागर के सौन्दर्यीकरण पर खर्च होंगें 1.09 करोड़ रू.
सिवनी नगर के मध्य में स्थित दल सागर के किस्मत अब संवरने
वाली है। जून 2010 के अंत तक यह नई नवेली दुल्हन की तरह सज
कर लोंगों को आकर्षित करने लगेगा। इसकी मरम्मत व सुधार कार्य
के लिए बैंकवर्ड रीजन ग्रांट फंड योजना से एक करोड़ 9 लाख
रू. की राशि मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह
चौहान ने आज इस कार्य का शुभारंभ किया।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा दल सागर के
सौंन्दर्यीकरण का कार्य दो चरणों में किया जायेगा। प्रथम चरण
में पानी की निकासी का कार्य किया जायेगा और द्वितीय चरण में
इसके बंड सुधार एवं पिचिंग का कार्य किया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बटन दबाकर दल सागर के पानी निकासी
कार्य का शुभारंभ किया। इस तालाब का पानी खाली करने के बाद
बंड सुधार व पिचिंग का कार्य किया जायेगा। इस कार्यक्रम में
जिले के प्रभारी मंत्री श्री देवसिंह सैयाम, म.प्र. शासन के
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सहकारिता मंत्री श्री गौरीशंकर
बिसेन, सांसद श्री के.डी. देशमुख, विधानसभा उपाध्यक्ष ठाकुर
हरवंश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीता ठाकुर,
विधायक श्रीमती नीता पटेरिया, श्रीमती शशि ठाकुर, कमल
मर्सकोले, सुदर्शन बाझल अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारीगण
मौजूद थे।
सिवनी में सब्जी व फल मंडी निर्माण के लिए मुख्यमंत्री श्री
चौहान ने किया भूमिपूजन
सिवनी में बीज विकास निगम की भूमि पर 5 करोड़ रू की लागत से
सब्जी व फल मंडी का निर्माण किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री
शिवराज सिंह चौहान ने आज इस मंडी के लिए भूमिपूजन किया। इस
मंडी में कार्यालय भवन, डब्ल्यू.बी.एम. रोड, सीमेंट कांक्रीट
रोड, कव्हर्ड प्लेटफार्म, सुलभ काम्प्लेक्स्, केंटीन, बिजली,
पानी, बांउड्रीवाल, चेक पोस्ट एवं कृषक भवन के कार्य किये
जायेंगें। भूमि पूजन कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री
श्री देवसिंह सैयाम, म.प्र. शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी
एवं सहकारिता मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, सांसद श्री के.डी.
देशमुख, विधानसभा उपाध्यक्ष ठाकुर हरवंश सिंह, जिला पंचायत
अध्यक्ष श्रीमती प्रीता ठाकुर, विधायक श्रीमती नीता पटेरिया,
श्रीमती शशि ठाकुर, कमल मर्सकोले, सुदर्शन बाझल अन्य
जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारीगण मौजूद थे।
अंतिम छोर पर खड़े
व्यक्ति को बराबरी पर लाने सरकार के प्रयास में बैंकों की
भूमिका महत्वपूर्ण - श्री नागेन्द्र सिंह
रिजर्व बैंक ने ग्राम कचलोहा (जिला सतना) को आदर्श ग्राम
बनाने का संकल्प लिया, देश के 160 ग्रामों का आदर्श ग्राम के
लिए चयन
Bhopal:Wednesday, October 21, 2009: मध्यप्रदेश
के सतना जिले की नागौद तहसील का ग्राम कचलोहा देश के उन
भाग्यशाली 160 गांवों में शामिल हैं जिन्हें भारतीय रिजर्व
बैंक गोद लेकर उन्हें आदर्श ग्राम में तब्दील करेगी। इसी
कड़ी में मंगलवार को ग्राम कचलोहा में एक कार्यक्रम में
भारतीय रिजर्व बैंक ने यह घोषणा की। कार्यक्रम के मुख्य
अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री नागेन्द्र सिंह थे।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के कार्यपालक निदेशक श्री
बी.के.शर्मा, क्षेत्रीय निदेशक मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़
श्री राजेश वर्मा के अलावा वरिष्ठ बैंक एवं प्रशासनिक
अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि लोक निर्माण
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश
बनाने की दिशा में सरकार अधोसंरचना विकास, कल्याणकारी
योजनायें एवं वित्तीय नियोजन के माध्यम से प्रदेश के
निवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाना चाहती है। गाँव के
अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को बराबरी पर लाने सरकार के
प्रयास में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि दूर-दराज के गाँवों
में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने के लिये बैंकों की
अधोसंरचना बढ़ाने की जरूरत है। आर.बी.आई. द्वारा अपनी
प्लेटिनम जयंती के अवसर पर ग्राम कचलोहा को गोद लेकर गाँव के
शत-प्रतिशत निवासियों के वित्तीय समावेशीकरण का संकल्प
निश्चित ही प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को
बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया सीखने के साथ समय पर ऋण की
अदायगी अवश्य करनी चाहिये, तभी व्यवस्था भलीभाँति संचालित हो
सकेगी। लोक निर्माण मंत्री ने आशा व्यक्त की कि कचलोहा के
ग्रामीणों के जीवन को खुशहाल और सम्पन्न बनाने भारतीय रिजर्व
बैंक की यह अभिनव योजना ग्रामीणों एवं बैंक अधिकारियों के
सहयोग से अवश्य सफल होगी।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री
बी.के. शर्मा ने बताया कि आर.बी.आई. केन्द्र और राज्य सरकार
के साथ मिलकर देशवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाने का
प्रयास कर रहा है। संस्थान की स्थापना के 75वें वर्ष
(प्लेटिनम जयंती) में गवर्नर के निर्णयानुसार पूरे देश में
ग्राम कचलोहा (सतना) सहित 160 ग्रामों का चयन आदर्श ग्राम के
रूप में विकसित करेगा। इन चयनित गाँवों में शत-प्रतिशत
वित्तीय समावेशीकरण किया जाकर मार्च 2010 तक सक्षम बनाने का
लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय
सहायता आर्थिक सशक्तीकरण की जननी होती है। आर.बी.आई. ने
विभिन्न वाणिज्यिक बैंकों के सहयोग एवं माध्यम से आदर्श
ग्राम के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने का संकल्प लिया है। श्री
शर्मा ने बताया कि स्वावलम्बन, आत्मनिर्भरता और कुशल वित्तीय
नियोजन के चलते एक मात्र भारत देश ही विश्व आर्थिक मंदी से
लगभग अछूता रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम कचलोहा के बैंकिंग व्यवस्था से अब तक
अछूते रहे 61 ग्रामीणों के बैंक खाते खोले गये। लोक निर्माण
मंत्री श्री सिंह ने डी.आर.आई. योजना के 32 हितग्राहियों को
ऋण, तेरह हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड, सात हितग्राहियों
को रिक्शा ऋण, एस.जी.एस.वाय. योजना में चार हितग्राहियों को
परिवहन ऋण, स्व-सहायता समूह के दो प्रकरण, डेयरी के एक और
किसान क्रेडिट कार्ड के चार हितग्राहियों को ऋण वितरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सुखवीर सिंह, बैंकिंग लोकपाल श्री
टी. करुणाकरन, सरपंच कचलोहा श्रीमती मीरा सिंह आदि उपस्थित
थे।
स्व. आरिफ को
श्रद्वांजली दी
भोपाल, एम.पी.वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (आई.एफ.डब्लू.जे.)
की आवश्यक बैठक यूनियन कार्यालय में प्रातः 11 बजे कार्यकारी
अध्यक्ष श्री विश्वेवर शर्मा की अध्यक्षता मं सम्पन्न हुई।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार और लेखक श्री इश्तियाक अरिफ के निधन
पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें
श्रद्वांजली दी गई।
सहायक जिला लोक अभियोजन
अधिकारियों का प्रशिक्षण 23 से
Bhopal:Wednesday, October 21, 2009: नव
नियुक्त सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारियों का दो दिवसीय
न्यायालयीन कार्यों का आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम 23
अक्टूबर से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण का उद्घाटन प्रात: 9.30
बजे मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री डी.एस.
धर्माधिकारी करेंगे। प्रशिक्षण आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा
प्रशासन अकादमी भोपाल में आयोजित है। प्रशिक्षण का समापन 24
अक्टूबर, 09 को होगा।
कालिदास समारोह का 29
अक्टूबर को भव्य शुभारंभ
संस्कृति मंत्री की अध्यक्षता में समारोह की
केन्द्रीय समिति की बैठक सम्पन्न
Bhopal:Wednesday, October 21, 2009:संस्कृति एवं जनसंपर्क
मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां
अखिल भारतीय कालिदास समारोह की केन्द्रीय समिति की बैठक
सम्पन्न हुई। बैठक में 29 अक्टूबर से उज्जैन में प्रारंभ हो
रहे कालिदास समारोह के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। 4
नवम्बर तक चलने वाले इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम,
व्याख्यानमाला, संस्कृत कविसमवाय, वाद-विवाद प्रतियोगिता,
काव्य पाठ, श्लोक पाठ और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की
जायेंगी।
बैठक में खाद्य राज्य मंत्री श्री पारसचंद्र जैन, उज्जैन
विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मोहन यादव, अपर मुख्य सचिव
संस्कृति श्रीमती आभा अस्थाना, जनसंपर्क सचिव श्री मनोज
श्रीवास्तव, आयुक्त उज्जैन संभाग श्री टी. धर्माराव, सासंद
प्रतिनिधि श्री मनोहर बैरागी, जनप्रतिनिधि श्री रूप पमनानी,
श्री जगदीश अग्रवाल के साथ ही संस्कृति, उच्च शिक्षा, स्कूल
शिक्षा, विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन, दूरदर्शन और उज्जैन
जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
संस्कृति मंत्री ने कार्यक्रम को भव्य और व्यापक रूप से
आयोजित करने के लिये जिला प्रशासन द्वारा उज्जैन के गणमान्य
नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से व्यापक विचार-विमर्श करने के
निर्देश दिये। उन्होंने कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार पर विशेष
ध्यान देने के निर्देश दिये ताकि इस राष्ट्रीय महत्व के
कार्यक्रम से देश-विदेश और प्रदेश के नागरिकों तथा उज्जैन
शहर के आम लोगों को जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम के शुभारंभ के पूर्व दिवस 28 अक्टूबर को क्षिप्रा
के पावन जल को घट में भरकर समारोहपूर्वक महाकाल मंदिर तथा
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा निकालकर कलश स्थापना की
जायेगी। पूर्वरंग नान्दी कार्यक्रम के अंतर्गत अहमदाबाद के
श्री अश्विन पाठक द्वारा रामायण का संगीतमय गायन और कानपुर
के श्री गोविन्द भार्गव द्वारा भक्तिसंगीत का कार्यक्रम
प्रस्तुत किया जायेगा। समारोह के पहले दिन 29 अक्टूबर को
इन्दौर के डॉ. पुरू दाधीच द्वारा कथक और भुवनेश्वर के श्री
दुर्गाचरण रणवीर द्वारा ओडिसी नृत्यनाटिका प्रस्तुत की
जायेगी। दूसरे दिन 30 अक्टूबर को नाट्यायन ग्वालियर के श्री
कमल वशिष्ठ के निर्देशन में संस्कृत नाटक विक्रमोर्वशीयम् का
मंचन किया जायेगा। समारोह के तीसरे दिन 31 अक्टूबर को मुम्बई
की सुश्री सुधा चन्द्रन द्वारा शास्त्रीय नृत्य और नई दिल्ली
के श्री राजेन्द्र गंगानी द्वारा कथक प्रस्तुत किया जायेगा।
चौथे दिन एक नवम्बर को समन्वय सांस्कृतिक संस्था इलाहाबाद
द्वारा हिन्दी नाटक मालविकाग्निमित्रम्, पांचवे दिन 2 नवम्बर
को खेरागढ़ के श्री जयदीप घोष द्वारा सरोद वादन और लखनऊ की
सुश्री श्रुति साडोलिकर द्वारा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया
जायेगा। छठवे दिन 3 नवम्बर को क्षितिज रीवा द्वारा बघेली में
लोकशैली में अभिज्ञानशाकुन्तलम् नाटक प्रस्तुत किया जायेगा।
समारोह के अंतिम दिन 4 नवम्बर को कोलकाता के श्री अजय
चक्रवर्ती और वाराणसी की डॉ. गिरिजा देवी द्वारा शास्त्रीय
गायन प्रस्तुत किया जायेगा।
कालिदास समारोह के सारस्वत आयोजन के अंतर्गत पंडित
सूर्यनारायण व्यास व्याख्यान माला में 30 अक्टूबर को संस्कृत
रंगमंच और कालिदास विषय पर नई दिल्ली के डॉ. राधावल्लभ
त्रिपाठी का वक्तव्य होगा। जयपुर के डॉ. युगलकिशोर मिश्रा
इसकी अध्यक्षता करेंगे। 31 अक्टूबर को कालिदास के सांस्कृतिक
मूल्य विषय पर नई दिल्ली के डॉ. प्रभाकर श्रोत्रिय अपना
वक्तव्य देंगे। वाराणसी के डॉ. कमलेश दत्त त्रिपाठी इसकी
अध्यक्षता करेंगे। महाकवि कालिदास व्याख्यान माला के अंतर्गत
एक नवम्बर को कालिदास का सौन्दर्यबोध विषय पर इलाहाबाद के
प्रोफेसर राजेन्द्र मिश्र का वक्तव्य होगा। नई दिल्ली के
प्रोफेसर वाचस्पति उपाध्याय इसकी अध्यक्षता करेंगे। दो
नवम्बर को कालिदास ग्रन्थावली विषय पर वाराणसी के रेवाप्रसाद
द्विवेदी का वक्तव्य होगा। नई दिल्ली के प्रोफेसर रामकरण
शर्मा इसकी अध्यक्षता करेंगे। तीन नवम्बर को कालिदास के
साहित्य में संवेदनशीलता विषय पर वाराणसी के प्रोफेसर शिवजी
उपाध्याय का वक्तव्य होगा। रीवा के डॉ. अंजनीप्रसाद पांडे
इसकी अध्यक्षता करेंगे। एक नवम्बर को संस्कृत कविसमवाय रखा
गया है इसमें देश के संस्कृत के मूर्धन्य कविगण भाग लेंगे।
समारोह के अंतर्गत अन्तर्विश्वविद्यालयीन संस्कृत वाद-विवाद
प्रतियोगिता, अर्न्तमहाविद्यालयीन कालिदास काव्य पाठ, हिन्दी
वाद-विवाद प्रतियोगिता, उच्चतर माध्यमिक स्तर पर भाषण, श्लोक
पाठ, एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी।
|
|
|
|
|
|
|
|