| |
|
दीन दुखियों की सेवा ही नारायण की सबसे बड़ी पूजा है
|
दीन दुखियों की सेवा ही नारायण की सबसे बड़ी पूजा है मुख्य मंत्री श्री चौहान द्वारा मंडला में 7 दिवसीय मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ Mandla:Saturday, March 6, 2010: मुख्य मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंडला में मेगा स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा है कि यह पीड़ित मानवता की सेवा का अनूठा महायज्ञ है। दीन दुखियों की सेवा नारायण की सबसे बड़ी पूजा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश बनाओ अभियान सबके सहयोग एवं जनसहभागिता से पूरा होगा। शासन एवं प्रशासन के साथ ही जनता भी अपने कर्तव्य पूरे करें सभी अपने कर्तव्य ईमानदारी से पूरे करे तभी मध्यप्रदेश बनेगा। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगन्नाथ सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री देव सिंह सैयाम, पूर्व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, एडी. सोलिसीटर जनरल श्री विवेक तन्खा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सम्पतिया उइके, विधायक रामप्यारे कुलस्ते, रोटरी इंटर नेशनल के पूर्व अध्यक्ष राजा साबू, सचिव स्वास्थ्य एस.आर. मोहंती, मुख्य मंत्री के सचिव अनुराग जैन, संभागीय आयुक्त प्रभात पाराशर, कलेक्टर के.के. खरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में व्यापक पैमाने पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया है। दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना में गरीबी की सीमा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के सदस्यों को 20 हजार रू. तक की दवाऐं एवं जांच सुविधाये अस्पताल में भर्ती होने पर मुहैया कराई जाती हैं। योजना का लाभ प्रदेश में अभी तक तेईस लाख लोगों को मिला है। इसी प्रकार दीनदयाल चलित अस्पताल योजना के माध्यम से करीब 62 लाख जरूरतमंद गरीबों को उपचार उपलब्ध कराया गया। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश बनाओ अभियान के लिये सभी संकल्प लें और उसे पूरा करें। गांव वालों की जवाबदारी है कि गांव का हर बच्चा स्कूल जाये। एक व्यक्ति सालभर में एक पेड़ अवश्य लगाये और उसकी देखरेख करे। पानी को रोकने का अभियान चलाना होगा। गांव में नदी, नालों, तालाबों के कच्चे बंधान, बोरी बंधान, स्टाप डैम एवं नये तालाबों का निर्माण कर पानी रोकें। श्री चौहान ने कहा कि गांव में नशामुक्ति अभियान चलाये और संकल्प ले कि गांव का कोई भी व्यक्ति नशा नहीं करेगा। मुख्य मंत्री ने कहा कि सरकार मोटे अनाज का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करेगी। किसानों को 3 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया जायेगा। सरकार ने किसानों को गेहूं में 100 रूपये बोनस दिया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण मृत किसान, मजदूर के परिवारजनों को अब सरकार ने एक लाख रू. की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया है। अंग-भंग की स्थिति में घायल को अब साढ़े सैंतीस हजार रू. सरकारी सहायता के तौर पर प्राप्त होंगे। श्री चौहान ने मंडला जिले के विभिन्न अंचलों मे पिछले दिनों हुई ओला वृष्टि का शीघ्र आंकलन कर पात्र किसानों को मुआवजा राशि देने के निर्देश दिये। रोटरी इंटर नेशनल, तन्खा मेमोरियल संस्थान, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में दिल्ली, मुम्बई, चंडीगढ़, इंदौर, ग्वालियर, रायपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, सिवनी आदि स्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। आज से शुरू हुआ यह शिविर 13 मार्च तक चलेगा। अभी तक विभिन्न रोगों से ग्रस्त 5000 मरीजों का पंजीयन किया जा चुका है। हृदय रोगियों की जांच एस्कार्ट अस्पताल दिल्ली के हृदय रोग विशेषज्ञ डा. युगल किशोर एवं डा. समीर द्वारा की जायेगी। शिविर पूर्णतः निःशुल्क है। इसके पूर्व मुख्य मंत्री श्री चौहान ने रेड क्रास भवन का लोकार्पण किया। रेड क्रास भवन का निर्माण 1 करोड़ 95 लाख रूपये की लागत से किया गया है। भवन का निर्माण 24 दुकानों की नीलामी से प्राप्त आय से किया गया है। आगे चलकर रेड क्रास भवन का उपयोग रोग निदान केन्द्र के रूप में किया जायेगा। अब तक ग्रामीण अपने रोगों के उपचार के लिये नागपुर या जबलपुर जाते थे। उनके रोगों का निदान यहीं किया जायेगा। रेडक्रास भवन में रोगों के निदान के लिये कई आधुनिक मशीने मंगाई जायेंगी।
|
| Date:
06-03-2010 Time:
18:40:01 |
|