| |
|
मजदूरों और सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को समय पर भुगतान की व्यवस्था बैंक करें
|
मजदूरों और सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को समय पर भुगतान की व्यवस्था बैंक करें पंचायतों में सोलर ऊर्जाकृत बायोमैट्रिक एटीएम के लिये स्थान उपलब्ध कराया जायेगा, पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव का राज्यस्तरीय समन्वय समिति बैठक में संबोधन Bhopal:Friday, March 12, 2010: मजदूरों को मजदूरी के बाद उनका पसीना सूखने के पहले मजदूरी का भुगतान हो यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाना चाहिये। यह बात पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा सामाजिक न्याय मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने आज स्वर्ण जयंती स्व-रोजगार योजना की सेन्ट्रल बैंक के साथ हुई राज्यस्तरीय समन्वय समिति की बैठक में कही। बैठक में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री परशुराम एवं सेन्ट्रल बैंक के जनरल मैनेजर श्री ओबेराय भी उपस्थित थे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री भार्गव ने बैठक में कहा कि मजदूरों को भुगतान और सामाजिक सुरक्षा के तहत निराश्रितों को मिलने वाली पेंशन, संवेदनाओं और मानवीयता से जुड़ा मुद्दा है। इसलिये हमें ऐसी व्यवस्था करनी चाहिये जिसमें मजदूरों को उनकी मेहनत का मेहनताना समय पर मिले तभी हम उनकी सही मायने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी स्वर्ण जयंती स्व-रोजगार योजना के साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, परिवार सहायता, नि:शक्तजन सहायता आदि ऐसी योजनाएं हैं जिनके पीछे सरकार की मंशा समाज के सबसे कमजोर लोगों की मदद करना है। अगर हमारी मदद में बाधाएं आती हैं, विलम्ब होता है तो इसका उद्देश्य ही बेमानी हो जाता है और सरकार की भावनाएं भी आहत होती हैं। श्री भार्गव ने कहा कि हमने यह स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत जिन मजदूरों को हम काम देते हैं उन्हें तीन दिन के अंदर मजदूरी का भुगतान हो जाना चाहिये। हमने मजदूरी समय पर और सुनिश्चित रूप से मिले इसके लिये सभी योजनाओं को बैंकों से भुगतान के लिये जोड़ा है। बैंकों की यह जवाबदारी है कि वे ऐसी प्रक्रिया अपनाएं जिसमें समाज के अंतिम छोर में खड़े जरूरतमंद लोगों को समय पर पैसा मिले। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया के इस प्रस्ताव पर तत्काल सहमति प्रदान की कि बैंक को सोलर ऊर्जाकृत बायोमेट्रिक एटीएम संचालित करने के लिये प्रत्येक पंचायत भवन में स्थान उपलब्ध कराया जायेगा। बैठक में बैंकों के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण विकास के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। |
| Date:
12-03-2010 Time:
18:42:24 |
|