×

सामाजिक समरसता हमारा संकल्प, कांग्रेस का काम वैमनस्यता फैलाना

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 1321

Bhopal: अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक को मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
भोपाल 28 सितंबर 2021। भोपाल। जनजाति समाज भारत का अभिन्न अंग है। हमारे हजारों वर्षों की संस्कृति का चमकदार अंग जनजाति समाज है। सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता के साथ सभी को आगे बढ़ाना हमारा संकल्प है जबकि कांग्रेस, जयस जैसे दूसरे संगठनों का काम सिर्फ वैमनस्यता फैलाना है। हमें उनके षड्यंत्रों को उजागर करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा जो-जो काम जनजाति समाज के लिए किए हैं उन्हें जमीनी स्तर पर उतारने के लिए जुट जाना चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए कही।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में मंगलवार को आयोजित इस बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्री ओमप्रकाश धुर्वे, सांसद व अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री गजेन्द्र पटेल, प्रदेश सरकार के मंत्रीद्वय श्री विजय शाह, श्री बिसाहूलाल सिंह, मोर्चा के प्रभारी एवं पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री हरिशंकर खटीक, प्रदेश मंत्री श्री जयदीप पटेल एवं मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्री कल सिंह भांवर मंच पर उपस्थित थे।
कांग्रेस सोचती थी कि जनजाति गरीब ही रहे : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि सच पूछिए तो हमारे कामों को देखकर विरोधी घबराए हुए हैं। जनसंघ से लेकर आज तक हमने जो काम किए हैं, वे काम कांग्रेस पार्टी सोच भी नहीं पाई थी। कांग्रेस की सोच थी कि जनजाति गरीब ही बनी रहे। कांग्रेस सोचती थी कि गरीब जनजाति आगे न बढ़ जाएं इसलिए उन्होंने जनजाति समाज के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस के कई वर्षों तक मध्यप्रदेश में शासन करने के बाद भी जनजाति गांवों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए जनजाति समाज के लोग परेशान रहे। अभी हाल ही में 15 महीने तक भी कांग्रेस की सरकार रही लेकिन तब भी उन्होंने जनजाति समाज के लिए कोई काम नहीं किया। लेकिन हमारे 15 वर्षों की सरकार में अनेकों ऐसे काम हुए हैं जिनसे जनजाति समाज के जीवन में बदलाव आ रहा है। आज जनजाति क्षेत्रों में न सिर्फ पानी, सड़क और बिजली के इंतजाम हुए हैं बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा तक इंतजाम तक प्रदेश सरकार कर रही है। बच्चों की विदेश में शिक्षा, निजी मेडिकल कॉलेजों में फीस भरना, बच्चियों को साइकिल देना, नए स्कूल और महाविद्यालय खोलने जैसे कई काम हुए हैं।
विरोधी तत्व जनजाति समाज को तोड़ने का प्रयास कर रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही 18 सितंबर को जबलपुर में शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की स्मृति में हुआ कार्यक्रम इतिहास के पन्नों पर दर्ज किया जाएगा। पेसा एक्ट (पंचायत अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार अधिनियम) के पूरे प्रावधानों को लागू करने वाला देश में एक मात्र प्रदेश हमारा मध्यप्रदेश है। इस पेसा एक्ट को हम आने वाले समय में चार चरणों में लागू करने वाले हैं। पेसा एक्ट के लागू होने के बाद से जनजाति समाज में क्रांति आने वाली है। उन्होंने कहा कि हमारे कामों को देखकर विरोधी समझ नहीं पा रहे हैं और घबराए हुए हैं। वे कई तरह की भ्रांतियां फैलाकर जनजाति समाज को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हमें इनसे सावधान रहते हुए जनजाति समाज में अपने कामों को निचले स्तर तक ले जाना है जिससे हम जनजाति समाज का और अधिक भला कर पाएं।
प्रदेश सरकार ने जनजाति को दी कई सौगात, मोर्चा नीचे तक ले जाए : शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में 89 ऐसे ब्लॉक है जो जनजातीय बाहुल्य है। सरकार ने इसके लिए कई योजनाएं चलायी है। उन्होंने कहा कि जबलपुर में देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के आगमन पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनजाति वर्ग के लिए जो घोषणाएं की है उनका सही रूप में नीचे तक क्रियान्वयन हो इसकी जिम्मेदारी जनजाति मोर्चा की है। उन्होंने कहा कि पेसा एक्ट लागू करने की मांग कई वर्षों से लंबित थी। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनजाति वर्ग के उत्थान को लेकर पेसा कानून लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। 15 नवंबर बिरसा मुंडा की जयंती गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला ऐतिहासिक है। इस दिन होने वाला कार्यक्रम भव्य और अविस्मरणीय हो इसके लिए जनजाति मोर्चा तैयारियों में जुट जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने देश में कई वर्षों तक राज किया। लेकिन जनजाति वर्ग के उत्थान के लिए कोई योजना नहीं बनायी। भारतीय जनता पार्टी जनजाति वर्ग की सच्ची हितैषी है। केन्द्र और राज्य सरकार निरंतर जनजाति वर्ग के उत्थान को लेकर काम कर रही है।
जनजाति समाज में झूठ फैलाने वालों को बेनकाब करें
बैठक के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारा संगठन तंत्र बहुत मजबूत है। बूथ स्तर तक हमारी संरचना है। इसलिए केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की जितनी भी योजनाएं चल रही है उनके लाभार्थियों तक हमें पहुंचना चाहिए और जो योजनाओं का लाभ लेने से वंचित है उन्हें लाभ दिलाने के प्रयास करना चाहिए। श्री शर्मा ने कहा कि जनजाति समाज के यहां उपस्थित प्रत्येक जनप्रतिनधि गांव गांव में जाकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता बनकर काम में जुट जाएं। आज आवश्यकता है कि जनजाति मोर्चा के नेतृत्व को जनजाति समाज के बीच जाकर झूठ और भ्रम फैलाने वाले को बेनकाब करना चाहिए।
बैठक में जनजाति वर्ग के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।

(लोकेन्द्र पाराशर)
प्रदेश मीडिया प्रभारी

Related News

Latest News

Global News