×

वोट शेयर में 10 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि हमारा लक्ष्य, इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ें : विष्णुदत्त शर्मा

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 1471

Bhopal: प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने किया पार्टी जनों से आह्वान

भोपाल 26 नवंबर 2021। हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा था कि चुनाव तो हम जीतते ही हैं, लेकिन हमें अपना वोट शेयर बढ़ाना है। इसलिए हमें अपना वोट शेयर 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाकर 51 फीसदी से ऊपर ले जाना है और यही संकल्प लेकर आगे बढ़ना है। इसके लिए हमें लोगों के मन जीतना होगा, हमारी केंद्र और राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की जो योजनाएं शुरू की हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाना होगा। हमें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है। छल-कपट की राजनीति करने वालों को जवाब देना है और 2023 में जीत का इतिहास बनाना है। यह आह्वान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से किया।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को पुराने विधानसभा भवन में शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। अतिथियों के स्वागत के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गत वर्ष आयोजित बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों के लिए अनुमोदन प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर, श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, श्री प्रहलाद पटेल, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय सचिव श्री ओमप्रकाश धुर्वे, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष श्री सुधीर गुप्ता, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, पूर्व मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया मंचासीन थे।
मोदी जी के नेतृत्व, नड्डा जी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने स्वीकारी चुनौती
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा देश ने प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में कोरोना जैसे संकट का सफलतापूर्वक सामना किया। हमारे प्रधानमंत्री जी ने इस संकट के दौरान सारी दुनिया का ध्यान रखते हुए वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से काम किया और यही वजह रही कि प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर भारत के साथ सारी दुनिया में ताली-थाली बजाई गई। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वेक्सीन बनाने के लिए हमारे वैज्ञानिकों को ताकत दी और हमें गर्व है कि देश के वैज्ञानिकों ने रिकॉर्ड समय में वेक्सीन तैयार कर ली। इसके लिए मैं उनका आभार जताता हूं। हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने सत्ता की बागडोर संभालते ही कोरोना पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए। उन्होंने पंचायत स्तर तक क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी का कंसेप्ट दिया, जिसे हमारे प्रधानमंत्री जी ने भी सराहा। श्री शर्मा ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा जी ने जब कार्यकर्ताओं से सामाजिक भूमिका निभाने का आह्वान किया, तो लोगों की सेवा के लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पीड़ितों की सेवा में रात-दिन एक कर दिये। भोजन और दवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रवासी मजदूरों को जूते तक पहनाए। हमारे कार्यकर्ताओं और मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रयासों से हमने प्रदेश में भी वेक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनाया। इस सेवा भाव के लिए मैं पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं।
हर अभियान में आगे रहे कार्यकर्ता
श्री शर्मा ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जब ऑक्सीजन, रेमडेसिवर, डॉक्टर्स सहित अन्य चीजों की समस्याएं आ रही थीं, तब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डाजी ने देश भर में डॉक्टर्स और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की चेन खड़ी करने की बात कही। उनके आह्वान पर कदम बढ़ाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने कीर्तिमान रच दिया और हर गांव में प्रशिक्षित स्वास्थ्य स्वयंसेवक तथा हर ब्लॉक में डॉक्टर्स की श्रृंखला तैयार कर दी। संकट के दौरान हर गरीब को पेट भर भोजन उपलब्ध कराने के लिए जब हमारे प्रधानमंत्री जी ने गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की, तो प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के साथ सहयोग करते हुए अन्न उत्सवों का आयोजन किया और एक दिन में 25 लाख लोगों को अन्न वितरण का रिकॉर्ड बना दिया। आपसी समन्वय के साथ किस तरह गरीब कल्याण और सेवा के काम किए जाते हैं, यह हमारी प्रदेश सरकार और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीखा जा सकता है। श्री शर्मा ने कहा कि उस कठिन समय में हमारी सरकार ने 18 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सिर्फ राजनीति नहीं करता, उसके लिए राष्ट्र प्रथम है, समाज प्रथम है।
उपचुनाव जीतकर प्रदेश को बचाने वाली सरकार को मजबूती दी
श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में 15 महीने तक चली कांग्रेस की सरकार प्रदेश को गर्त में ले जा रही थी। मुख्यमंत्री कोई और था और सरकार को चला कोई और रहा था। कांग्रेस के ही लोग अपनी सरकार पर आरोप लगाने लगे थे। सिंधिया जी और उनके साथियों के सहयोग से प्रदेश को बचाने के लिए श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार बनी। प्रदेश में 28 विधानसभाओं के उपचुनाव हुए और ये उपचुनाव प्रदेश को बचाने वाली सरकार को मजबूती देने वाले उपचुनाव थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ नए साथियों के साथ समरसता से काम किया, बल्कि कड़ी मेहनत करके चुनावों में जीत हासिल की। हाल ही में हुए उपचुनाव में भी हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम तथा केंद्र और राज्य सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाओं की बदौलत कांग्रेस से दो सीटें छीनकर इतिहास बनाया। कार्यकर्ताओं ने दिखा दिया कि टीम स्पिरिट से कैसे काम किया जाता है और इसके लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं।
जीवन बदलने का काम कर रही हमारी सरकारें
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी केंद्र और राज्य सरकारें अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही हैं। एक तरफ हमारी केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला जैसी योजनाओं से जीवन स्तर उठा रही हैं, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की प्रदेश सरकार लोगों की सोच बदल रही है। प्रदेश में हमारी सरकार ने सत्ता में आते ही लाड़ली लक्ष्मी, बेटी बचाओ जैसी योजनाएं शुरू की थीं। आज प्रदेश में 35 लाख बेटियां लाड़ली लक्ष्मी बन गई हैं। जिन बेटियों को कभी अभिशाप समझा जाता था, वो अब वरदान बन गई है। प्रदेश में पहले जहां 1000 पुरुषों पर 912 महिलाएं होती थीं, वहीं अब 1000 पुरुषों पर 956 महिलाएं हैं। यह हमारी सरकारों की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन करता हूं।
मोदी जी और भाजपा को रोकने षडयंत्र कर रहे राष्ट्र विरोधी
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि मोदी जी और भाजपा को रोकने के लिए राष्ट्रविरोधी लोग षडयंत्र रच रहे हैं। कांग्रेस, वामपंथी और राष्ट्र विरोधी मिलकर जनजातीय क्षेत्रों में दुष्प्रचार कर रहे हैं। पहले इन्होंने जनजातीय भाइयों को खुद को हिंदू बताने से रोका। फिर कोरोना की वेक्सीन के खिलाफ भड़काया और कहा कि इससे बांझपन का खतरा है। अब ये आदिवासी दिवस के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं, जबकि उससे हमारे देश का कुछ भी लेना देना नहीं है। हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जबलपुर में राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर यह घोषणा की थी कि हम भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाएंगे। हमारे प्रधानमंत्री जी ने इसे राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकारें जनजातीय योद्धाओं, महापुरुषों और क्रांतिकारियों को सम्मान दे रही हैं।
संगठन को मजबूती देना हमारी जिम्मेदारी
श्री शर्मा ने कहा कि हमारे लिए यह वर्ष गौरव और संकल्प का वर्ष है, क्योंकि यह स्व. कुशाभाऊ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी, स्व. कैलाश जोशी जी, प्यारेलाल खंडेलवाल जी, सुन्दरलाल पटवा जी जैसे नेताओं के साथ पार्टी को खड़ा किया और सींचा। श्री शर्मा ने कहा कि इन नेताओं ने प्रदेश के पार्टी संगठन को आदर्श बनाया है, अब उसे मजबूती देने की जिम्मेदारी हमारी है।



(लोकेन्द्र पाराशर)
प्रदेश मीडिया प्रभारी

Related News

Latest News

Global News