×

संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक ले जाएगी समरसता यात्रा : विष्णुदत्त शर्मा

Place: भोपाल                                                👤By: prativad                                                                Views: 519

सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगा सागर का संत रविदास मंदिर : लालसिंह आर्य
प्रदेश अध्यक्ष एवं अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर निर्माण समरसता यात्रा के रथों को रवाना किया
25 जुलाई से 12 अगस्त के बीच प्रदेश के 5 स्थानों से निकलेगी समरसता यात्रा


23 जुलाई 2023। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार सागर में संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज का 100 करोड़ की लागत का मंदिर बना रही है। इस मंदिर के निर्माण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो इसके लिए जनअभियान परिषद के संयोजन में 25 जुलाई से 12 अगस्त के बीच प्रदेश के 5 स्थानों से संत रविदास मंदिर निर्माण समरसता यात्रा निकलेगी। यह यात्राएं प्रदेश के 55 हजार गावों से मिट्टी और एक मुट्ठी अन्न के साथ पवित्र नदियों और जलाशयों का जल एकत्र करते हुए 12 अगस्त को सागर पहुंचेगी, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति में संत रविदास जी के भव्य मंदिर का शिलान्यास होगा। यह यात्राएं प्रदेश में संत रविदास जी के सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगी। सागर में बनने वाला भव्य संत रविदास मंदिर सामाजिक समरसता का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य ने रविवार को भोपाल के भेल स्थित संत रविदास मंदिर से प्रदेश के पांच स्थानों से 25 जुलाई को निकलने वाली समरसता यात्राओं के पांच रथों को गंतव्य स्थान के लिए रवाना करते हुए कही।

कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने मंदिर स्थित संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्राओं में निकलने वाली संत रविदास जी की चरण-पादुकाओं व कलश का पूजन किया। यह रथ प्रदेश के अलग-अलग पांच स्थानों पर पहुंचेंगे, जहां से 25 जुलाई को पार्टी के वरिष्ठ नेतागण यात्राओं को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री डॉ. कैलाश जाटव ने स्वागत भाषण दिया। संत रविदास मंदिर के संत श्री संबलदास जी महाराज, जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जामदार, युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, बारेलाल अहिरवार एवं कैलाश बेगाना मंचासीन थे।

हर समाज को संत रविदास जी के मंदिर से जोड़ेंगी समरसता यात्राएं : विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी वोटबैंक की राजनीति नहीं करती है, समाज का प्रत्येक वर्ग किस प्रकार आगे बढ़े और उसका उत्थान हो, इसके लिए भाजपा सरकार की नीति और नियत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मैहर में सामाजिक समरसता के केंद्र संत श्री रविदास जी के मंदिर साढ़े 3 करोड़ की लागत से बनाया है, जिसके बाद अब सागर में 100 करोड़ की लागत से संत रविदास जी का भव्य मंदिर बनेगा। इस मंदिर निर्माण में हर समाज शामिल हो इसके लिए 5 स्थानों से समरसता यात्राएं निकलेंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार संत रविदास जी के विचारों को जमीन पर उतारने का काम कर रही है। 25 जुलाई से शुरू होने वाली यह यात्राएं 18 दिनों तक प्रदेश में भ्रमण कर आमजन को संत रविदास जी के मंदिर से जोड़ेंगी। उन्होंने बताया कि यात्राओं के माध्यम से प्रदेश के 55 हजार गांवों से मिट्टी और 350 से अधिक नदियों से जल एकत्रित किया जाएगा।


कांग्रेस को कभी संत रविदास और वाल्मिकी याद नहीं आये : आर्य
भारतीय जनता पार्टी, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दलितों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस देश में 70 सालों से अधिक सत्ता में रही, लेकिन कभी भी उसे संत रविदास, वाल्मिकी, कबीरदास और भीमराव अंबेडकर जी की याद नहीं आई। उनके लिए अनुसूचित वर्ग सिर्फ एक वोटबैंक रहा। उन्होंने कहा कि अगर सही मायनों में अनुसूचित वर्ग का कोई हितैषी है तो वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सागर में 100 करोड़ से संत रविदास जी का मंदिर बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई से 12 अगस्त के बीच प्रदेश के 5 स्थानों से 45 जिलों में संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर निर्माण समरसता यात्राएं पहुंचेंगी एवं 7 जिलों में उपयात्राएं निकलेंगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर, श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता इन यात्राओं को रवाना करेंगे। प्रदेश भर में भ्रमण करने के पश्चात् यह यात्राएं 11 अगस्त तक सागर की सीमाओं तक पहुंचेंगी। 12 अगस्त को सागर में सभी यात्राएं सामूहिक निकलेंगी, जिसके पश्चात् यहां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी संत रविदास जी के भव्य मंदिर का भूमि पूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि सागर का कार्यक्रम ऐतिहासिक हो और यात्राओं का सामाजिक संदेश जाये, इस बात की चिंता हम सभी को करनी है।




Madhya Pradesh, प्रतिवाद समाचार, प्रतिवाद, MP News, Madhya Pradesh News, MP Breaking, Hindi Samachar, prativad.com

Related News

Latest News

Global News


Settings
Demo Settings
Color OptionsColor schemes
Main Color Scheme     
Links Color     
Rating Stars Color     
BackgroundBackgorund textures
Background Texture          
Background Color     
Change WidthBoxed or Full-Width
Switch Page WidthFull-WidthBoxed-Width