9 अगस्त 2023। आजादी के अमृत महोत्सव के समापन समारोह रूपी इस अभियान में सभी प्रदेशवासी शामिल हों
9 से 15 अगस्त तक होंगी गतिविधियाँ
विद्यालयों में होगी शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना
पंच प्राण की शपथ, पौध-रोपण, वीरों के वंदन, राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र-गान के साथ होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 'मेरी माटी-मेरा देश' महत्वपूर्ण अभियान है। इस अद्भुत गतिविधि से पूरे प्रदेश में देशभक्ति की भावना का संचार होगा। यह एक तरह से भारत माता की आराधना और पूजा है। अभियान से सभी प्रदेशवासियों को जोड़ा जाए। सभी जन-प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, नगरीय निकायों के सदस्य, सामाजिक, स्वयंसेवी, व्यापारी और धार्मिक संगठन, विद्यार्थी, खिलाड़ी, कर्मचारी, भजन मंडलियां, स्थानीय कलाकारों को अभियान से जोड़ा जाए। अभियान की थीम पर सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रतियोगिताएँ भी हों। मेरी माटी-मेरा देश केवल शासकीय कार्यक्रम न बनकर रह जाए, देशभक्ति के इस कार्यक्रम से सभी व्यक्ति मन से जुड़ें। हर घर पर तिरंगा फहराया जाए और अमृत उद्यानों में पौध-रोपण भी हो। मैं स्वयं भी 14 अगस्त को लाड़ली बहनों के साथ 75 पौधे लगाऊंगा। नई पीढ़ी को देशभक्ति के संस्कार देना आवश्यक है, अत: मेरी माटी मेरा देश अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री चौहान अभियान पर केन्द्रित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे। समत्व भवन में हुई बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री विनोद कुमार, प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी जिलों के जिला कलेक्टर बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।
स्मारक स्थल पर ली जाएगी पंच प्रण की शपथ
बैठक में जानकारी दी गई कि आजादी के अमृत महोत्सव के समापन समारोह के रूप में इस अभियान में 9 से 15 अगस्त तक गतिविधियां संचालित होंगी। शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना, पंच प्रण की शपथ, वसुधा वंदन, वीरों का वंदन, राष्ट्रध्वज फहराना तथा राष्ट्रगान का गायन अभियान के प्रमुख घटक हैं। प्रत्येक पंचायत तथा नगरीय निकाय में विद्यमान स्थानीय विद्यालय परिसर में शिलाफलकम (स्मारक) की स्थापना की जाएगी। स्मारक स्थल पर हाथ में दीपक लेकर पंच प्रण की शपथ के बाद व्यक्तियों द्वारा पोर्टल https://yuva.gov.in/meri_maati_mera_desh पर सेल्फी अपलोड की जाएगी। पंच प्रण के अंतर्गत भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व, एकता को सुदृढ़ करने, देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने और नागरिक होने का कर्तव्य निभाने की शपथ ली जाएगी।
सभी पंचायतों और नगरीय निकायों में लगाए जाएंगे 75 पौधे
वसुधा वंदन के अंतर्गत अमृत सरोवरों अथवा विद्यालयों तथा उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों के आसपास 75 पौधे लगाए जाएंगे। वीरों का वंदन के अंतर्गत कर्तव्य पर रहते हुए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्थानीय वीरों, वीरांगनाओं का स्मरण कर स्वतंत्रता सेनानियों, सेवानिवृत्त रक्षा, अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्र-गान के बाद समारोह का समापन होगा। बताया गया कि सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में अभियान के आयोजन के लिए तैयारियाँ जारी हैं।

"मेरी माटी मेरा देश" अभियान भारत माता की आराधना - मुख्यमंत्री चौहान
Place:
भोपाल 👤By: prativad Views: 696
Related News
Latest News
- 2024 में देश में साइबर अपराध के 1.02 लाख से अधिक मामले दर्ज, वित्तीय धोखाधड़ी में 11,158 करोड़ रुपये से ज्यादा बचाए गए
- अब साइबर हमले के लिए इंसान की जरूरत नहीं? एआई एजेंट ने हगिंग फेस को बनाया निशाना
- सीएम डॉ. मोहन ने जो कहा वो किया, UCC विधेयक विधानसभा में पारित, जानें कितना आसान होगा जीना?
- UCC पर विधानसभा में घमासान, कांग्रेस बोली- जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार
- UCC और फायर सेफ्टी बिल समेत 14 विधेयक विधानसभा में पेश, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
Latest Posts















