21 अप्रैल 2026। मध्य प्रदेश सरकार अपने एविएशन विंग को अपग्रेड करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य जल्द ही अपने बेड़े में अत्याधुनिक Airbus Helicopters द्वारा निर्मित Airbus H160 हेलीकॉप्टर शामिल करेगा, जिसकी डिलीवरी जनवरी 2027 तक होने की संभावना है। भारत में यह हेलीकॉप्टर अभी काफी दुर्लभ है और फिलहाल केवल पांच से छह यूनिट ही ऑपरेशन में हैं।
एविएशन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, H160 एक अत्याधुनिक मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर है, जो दिन-रात और हर मौसम में उड़ान भरने में सक्षम है। इसकी खासियतों में कम शोर वाला ऑपरेशन, वॉइस-कंट्रोल्ड केबिन, एडवांस्ड एवियोनिक्स सिस्टम और बेहतर स्थिरता के लिए बाइप्लेन स्टेबलाइज़र शामिल हैं।
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह हेलीकॉप्टर 175 नॉट्स (करीब 325 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से उड़ सकता है और एक बार में लगभग 890 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। इसकी अधिकतम उड़ान ऊंचाई करीब 20,000 फीट है। इसके अलावा, इसमें आठ यात्रियों के बैठने की सुविधा के साथ एक स्पेशियस और प्रीमियम केबिन दिया गया है।
राज्य सरकार ने यह फैसला अपने मौजूदा 13 साल पुराने Eurocopter EC155 हेलीकॉप्टर के बढ़ते मेंटेनेंस खर्च को देखते हुए लिया है। सूत्रों के अनुसार, पुराने होते बेड़े की लागत और सीमाओं ने सरकार को अधिक आधुनिक और किफायती विकल्प की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। नया H160 हेलीकॉप्टर राज्य के VIP बेड़े का हिस्सा होगा।















