₹375 करोड़ की ब्लॉकबस्टर के बाद अदा शर्मा का सबसे खौफनाक अवतार
‘गजरा’ में अदा शर्मा का चौंकाने वाला ट्रांसफॉर्मेशन
मुंबई 19 जून 2026। भारतीय सिनेमा में अपनी बेहतरीन अदाकारी और हर किरदार में पूरी तरह ढल जाने की क्षमता के लिए मशहूर अदा शर्मा एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। ₹375 करोड़ से अधिक की कमाई करने वाली सुपरहिट फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ के बाद अब अदा मराठी सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। उनकी डेब्यू मराठी फिल्म ‘गजरा’ का पहला पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मच गई है।
पोस्टर में अदा शर्मा का रूप इतना अलग और रहस्यमयी है कि पहली नजर में उन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है। लाल परिधान, खून से सना चेहरा और आंखों में दर्द, गुस्सा और रहस्य का मिश्रण लिए उनकी तीखी निगाहें किसी गहरे और बेचैन कर देने वाले किरदार की कहानी बयां करती हैं। सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही ‘गजरा’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं, संघर्ष और अंधेरे सच की एक सशक्त सिनेमाई यात्रा का संकेत देती है।
अदा शर्मा ने अपने करियर में ‘1920’ से हॉरर, ‘कमांडो’ से एक्शन, ‘द केरला स्टोरी’ से गंभीर अभिनय और ‘सनफ्लावर’ व ‘रीटा सान्याल’ से कॉमेडी और अनोखे किरदारों का शानदार प्रदर्शन किया है। अब मराठी सिनेमा में उनका यह नया अवतार दर्शकों की उत्सुकता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहा है। ‘गजरा’ न केवल अदा के करियर का एक नया अध्याय साबित हो सकती है, बल्कि मराठी फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी एक बड़ी सिनेमाई घटना बनने की पूरी क्षमता रखती है।
(अनिल बेदाग)

















