20 जून 2026। मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादों के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान रखने वाला साँची ब्राण्ड अब आइसक्रीम बाजार में भी तेजी से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। पिछले वर्ष इंदौर में प्रायोगिक तौर पर शुरू की गई साँची की रियल मिल्क आइसक्रीम को उपभोक्ताओं से अच्छा प्रतिसाद मिला, जिसके बाद इस गर्मी के मौसम में इसे उज्जैन और भोपाल के बाजारों में भी उपलब्ध करा दिया गया है।
बदलती उपभोक्ता पसंद और गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच साँची ने रियल मिल्क आइसक्रीम श्रेणी में प्रवेश किया था। इंदौर स्थित आधुनिक आइसक्रीम संयंत्र में निर्मित इन उत्पादों को उपभोक्ताओं ने स्वाद और गुणवत्ता के कारण तेजी से स्वीकार किया। इसी सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इसकी पहुंच प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों तक बढ़ाई जा रही है।
साँची आइसक्रीम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह शुद्ध दूध से निर्मित रियल मिल्क आइसक्रीम है। डेयरी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि आज के उपभोक्ता केवल स्वाद ही नहीं बल्कि उत्पाद की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को भी महत्व देते हैं। ऐसे में दूध आधारित आइसक्रीम की मांग लगातार बढ़ रही है।
साँची ने अपने उत्पाद पोर्टफोलियो को इस तरह तैयार किया है कि हर वर्ग और हर आवश्यकता के उपभोक्ता को उपयुक्त विकल्प मिल सके। आइसक्रीम को तीन प्रमुख श्रेणियों में उपलब्ध कराया गया है। पहली श्रेणी टेक होम पैक की है, जिसे परिवार घर ले जाकर अपनी सुविधा के अनुसार उपयोग कर सकते हैं। दूसरी श्रेणी इम्पल्स रेंज की है, जिसमें कैंडी, कोन और कप शामिल हैं, जिन्हें उपभोक्ता तत्काल खरीदकर आनंद ले सकते हैं। तीसरी श्रेणी गैलन पैक की है, जिसे विवाह समारोह, पार्टियों और अन्य बड़े आयोजनों में सामूहिक उपयोग के लिए तैयार किया गया है।
स्वाद के मामले में भी साँची ने विविधता पर विशेष ध्यान दिया है। केसर पिस्ता, चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी, वेनिला, मैंगो और बटर स्कॉच जैसे लोकप्रिय फ्लेवर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन फ्लेवरों को विभिन्न आयु वर्ग की पसंद को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
गुणवत्ता के साथ-साथ किफायती मूल्य निर्धारण भी साँची की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बाजार जानकारों के अनुसार साँची की आइसक्रीम स्थापित ब्राण्डों की तुलना में लगभग 8 से 10 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध है। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता के साथ अधिक मूल्य प्राप्त होता है और रियल मिल्क आइसक्रीम का अनुभव अधिक लोगों तक पहुंच पाता है।
इंदौर स्थित संयंत्र में वर्तमान में प्रतिदिन इन उत्पादों का उत्पादन किया जा रहा है। उत्पादों की उपलब्धता साँची मिल्क पार्लरों, डिपो और अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को अपने नजदीकी बिक्री केंद्र पर आसानी से यह श्रृंखला उपलब्ध हो सके।
मध्य प्रदेश को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवाणी के अनुसार, "पिछले वर्ष इंदौर में रियल मिल्क आइसक्रीम को प्रायोगिक रूप से बाजार में उतारा गया था, जहां उपभोक्ताओं से हमें उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। इसी विश्वास के आधार पर अब इसे उज्जैन और भोपाल में भी उपलब्ध कराया गया है। हमारा प्रयास है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध से निर्मित उच्च गुणवत्ता वाली आइसक्रीम किफायती कीमत पर उपलब्ध हो। विभिन्न फ्लेवर और टेक होम, इम्पल्स तथा गैलन जैसी श्रेणियों के माध्यम से हम हर आयु वर्ग और हर अवसर की जरूरत को पूरा करना चाहते हैं।"
विशेषज्ञों का मानना है कि मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों का बाजार आने वाले वर्षों में तेजी से बढ़ने वाला है। ऐसे में रियल मिल्क आइसक्रीम, प्रतिस्पर्धी कीमतों और विविध पैकेजिंग विकल्पों के साथ साँची न केवल उपभोक्ताओं को नया विकल्प उपलब्ध करा रही है, बल्कि प्रदेश के सहकारी दुग्ध क्षेत्र को भी नई दिशा देने का प्रयास कर रही है।

















