×

सहकारिता सप्ताह का समापन: एमपीसीडीएफ में विजेताओं का सम्मान, 'मामूलीराम' फिल्म का हुआ प्रदर्शन

News from Bhopal, Madhya Pradesh News, Heritage, Culture, Farmers, Community News, Awareness, Charity, Climate change, Welfare, NGO, Startup, Economy, Finance, Business summit, Investments, News photo, Breaking news, Exclusive image, Latest update, Coverage, Event highlight, Politics, Election, Politician, Campaign, Government, prativad news photo, top news photo, प्रतिवाद, समाचार, हिन्दी समाचार, फोटो समाचार, फोटो
Place: भोपाल                                                👤By: prativad                                                                Views: 124

भोपाल 7 जुलाई 2026। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ (एमपीसीडीएफ) द्वारा आयोजित सप्ताहभर के सहकारिता सप्ताह का मंगलवार को समापन हो गया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी ने सम्मानित किया।

सहकारिता सप्ताह के दौरान सहकारिता की भावना, जनभागीदारी और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण, ई-चौपाल, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, सहकारिता विषयक सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के जीवन और सहकारी दुग्ध आंदोलन में उनके योगदान पर आधारित फिल्म 'मामूलीराम' का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को सहकारिता आंदोलन के इतिहास और उसके महत्व की जानकारी मिली।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवानी ने कहा कि सहकारिता केवल एक संगठनात्मक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास, साझेदारी और साझा विकास की मजबूत अवधारणा है। उन्होंने कहा कि एमपीसीडीएफ दुग्ध उत्पादकों और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में एमपीसीडीएफ की पिछले एक वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें दुग्ध संकलन में वृद्धि, अधोसंरचना विकास, तकनीकी विस्तार, दुग्ध उत्पादकों तक सेवाओं की बेहतर पहुंच तथा सहकारी दुग्ध व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही भविष्य में सहकारिता आधारित दुग्ध विकास को नई गति देने की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर ग्रुप हेड (प्लांट ऑपरेशंस) डी.के. पांडे ने दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली, परिचालन दक्षता और गुणवत्ता नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजबूत संचालन व्यवस्था और टीमवर्क संस्था की सफलता की आधारशिला हैं।

वहीं ग्रुप हेड (एमएनपी) असीम निगम ने कहा कि बदलते समय में नवाचार, बेहतर समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सहकारिता के मूल सिद्धांतों को अपनाकर संस्थागत विकास को गति देने पर जोर दिया।

समारोह के दौरान सप्ताहभर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन मिलन मिश्रा ने किया। समापन समारोह में एमपीसीडीएफ के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Related News

Global News