×

सीएम डॉ. मोहन ने की बड़ी घोषणा, एमपी में युवाओं के लिए बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट

News from Bhopal, Madhya Pradesh News, Heritage, Culture, Farmers, Community News, Awareness, Charity, Climate change, Welfare, NGO, Startup, Economy, Finance, Business summit, Investments, News photo, Breaking news, Exclusive image, Latest update, Coverage, Event highlight, Politics, Election, Politician, Campaign, Government, prativad news photo, top news photo, प्रतिवाद, समाचार, हिन्दी समाचार, फोटो समाचार, फोटो
Place: भोपाल                                                👤By: prativad                                                                Views: 127

युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों की जल्द होगी सुनवाई
सीएम डॉ. मोहन यादव ने पन्ना को दी 184.83 करोड़ की सौगात
पन्ना जिले में किए कई विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन
35 लाख से ज्यादा पेंशन हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर किए 210 करोड़

पन्ना 24 जुलाई 2026। 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी गौरवशाली संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विश्व कल्याण के लिए प्रयास कर रहा है। हमारी संस्कृति में सबके कल्याण और मानवता से प्रेम करने की बात कही गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के हित में उनकी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश के चारों महानगरों- भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में इसी प्रकार के फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।' यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। सीएम डॉ. मोहन 24 जुलाई को पन्ना में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन आज पन्ना जिले को बड़ी सौगात दी। उन्होंने होमगार्ड मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 184.83 करोड़ रुपये की लागत के कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा उन्होंने 35 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से 210 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इससे पहले सीएम डॉ. यादव ने श्री जुगल किशोर मंदिर जाकर विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने भगवान से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर उन्होंने कई घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि अगले साल पन्ना मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा। नीट के अभ्यर्थियों को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा।

पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा एमपी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती सर्वश्रेष्ठ है। यह महाराज छत्रसाल, आल्हा-ऊदल की धरती है। सौभाग्यशाली व्यक्ति ही ऐसी पुण्य धरा पर आ सकता है। यहां पन्ना में धरती के नीचे हीरा निकलता है। लेकिन धीरे-धीरे पानी की कमी होती गई। लोगों ने पलायन शुरू कर दिया, जिसे हमारी सरकार ने रोका। अब हमारी सरकार ने बुंदेलखंड की समृद्धि के लिए भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्प के अनुसार अंतर्राज्यीय केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत की है। केंद्र सरकार ने 1 लाख करोड़ की इस परियोजना के लिए 90 प्रतिशत राशि देने की स्वीकृति प्रदान की। नदी जोड़ो परियोजना किसानों के लिए समृद्धि लेकर आएगी। राज्य सरकार ने तय किया है कि ऐसी परियोजनाओं में किसी की जमीन, मकान और दुकान आती है तो उसे उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस परियोजना से बुंदेलखंड बदलने वाला है। किसान भाई अपनी जमीन बेचने का विचार मन में न लाएं। खेती के मामले में यह क्षेत्र अब पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा।

पन्ना क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ाएगा नया अनोखा ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पन्ना के बृहस्पति कुंड पर 8 करोड़ की लागत के सौंर्दयीकरण के अंतर्गत निर्मित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। पन्ना में निर्मित यह कांच के फ्लोर वाला व्यू प्वाइंट यहां के पर्यटन को बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसे देखने देश-विदेश के लोग आएंगे। भारत के पर्यटकों को भी अन्य देशों में जाने की आवश्यकता नहीं है। यहां के प्राकृतिक जलप्रपात पर्यटन में वैश्विक केंद्र बनने के योग्य हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पन्ना जिले के निवासियों को सौगात दी जा रही है। कुल 184.83 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इन कार्यों में गुन्नौर और पवई के 74 करोड़ रुपए लागत के 2 सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं। सांदीपनि विद्यालय देश में सबसे अच्छे विद्यालय हैं। प्रदेश में भव्य सांदीपनि विद्यालय बनाए गए हैं। यह विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रतीक हैं। सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारों के साथ शिक्षा दी जा रही है।

युवाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 10 हजार नए पद मंजूर किए हैं। पिछले साल 8 हजार पदों पर भर्ती की गई। प्रदेश में कुल एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को नौकरी के अवसर मिले हैं। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ना चाहती है। किसान बंधु पशुपालन और दूध उत्पादन के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकते हैं। राज्य में अभी 12 प्रतिशत दूध उत्पादन है, इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। किसान खेती से लाभ कमाएं, दूध उत्पादन से आय बढ़ाएं और मछली उत्पादन से भी फायदा कमा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। बुंदेलखंड में औद्योगिक गतिविधियां को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। पन्ना में हजारों करोड़ का निवेश आ रहा है। सागर संभाग में ही बीना में रिफाइनरी के विस्तार का कार्य भी हुआ है। खेत से लेकर फैक्ट्री और फिर निर्यात तक हमारी सरकार हर क्षेत्र में कार्य कर रही है।

समान नागरिक संहिता को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के पास जगदीशपुर कभी इस्लामनगर के रूप में जाना जाता था, जहां से पहली बार शरिया कानून प्रदेश की धरती पर लागू हुआ था। लेकिन हमारी सरकार ने उसी धरती पर कैबिनेट आयोजित कर एक समान कानून (यूसीसी) लागू करने के लिए विधेयक को मंजूरी दी। विधानसभा में भी विधेयक पारित हो चुका है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता प्रभावी हो जाने के बाद अगर राम एक विवाह करेगा तो रहीम को भी एक ही शादी करनी पड़ेगी। मध्यप्रदेश में धर्म के आधार पर नागरिकों के लिए अलग-अलग कानून की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यूसीसी से मुस्लिम बहनों को भी तलाक के मामलों में राहत मिलेगी। अब तलाक सिर्फ कोर्ट के माध्यम से ही होगा। हमारे लिए कलाई पर राखी बांधने वाली सभी बहनें एक समान हैं। चाहे वह किसी भी धर्म की क्यों न हों। इसी भाव से राज्य सरकार हर माह लाड़ली बहना योजना के माध्यम से पात्र बहनों को 1500 रुपए की राशि प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। किसानों को सम्मान निधि और विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिल रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं
• जुगलकिशोर मंदिर में सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
• महाराज छत्रसाल स्टेडियम को सर्वसुविधा युक्त बनाया जाएगा।
• बृजपुर में महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा।
• सड़क एवं पुल निर्माण के नए कार्य भी होंगे।

Related News

Global News