1600 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन, 42, 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ में दिखाया दम
नर्मदापुरम सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर पचमढ़ी मानसून मैराथन 2026 का शुभारंभ किया
पचमढ़ी की वादियों में विदेशी धावकों का जलवा: स्वीडन, पेरू और अमेरिका के एथलीट्स ने लिया 8वीं मानसून मैराथन में हिस्सा
भोपाल 26 जुलाई 2026। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी की सुरम्य वादियों में रविवार, 26 जुलाई को 8वीं 'पचमढ़ी मानसून मैराथन-2026' का भव्य आयोजन किया गया।मैराथन को नर्मदापुरम के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने फ्लैग ऑफ कर आरंभ किया। जिसमें विभिन्न राज्यों से आए धावक व पर्यटक मैराथन में शामिल हुए। मप्र पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं एडवेंचर्स एंड यू द्वारा आयोजित मैराथन में 5 किमी, 10 किमी, 21 किमी और 42 किमी की दौड़ अत्यंत उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुई। मानसून की हल्की फुहारों, धुंध से ढकी सतपुड़ा की पहाड़ियों और मखमली हरियाली के बीच देशभर से आए 1600 से अधिक धावकों ने इस बार मैराथन में पंजीयन कराया जिसमे 84 वर्ष के बुजुर्ग से लेकर 4 वर्ष के नन्हों ने साहसिक दौड़ का आनंद लिया।नर्मदापुरम सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने पचमढ़ी मानसून मैराथन के 8वें संस्करण के सफल आयोजन पर देश-विदेश से आए 5 से 80 वर्ष तक के प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की।उन्होंने मध्य प्रदेश टूरिज्म को धन्यवाद देते हुए कहा कि युवाओं का यह जोश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार कर देश को नया नेतृत्व प्रदान करेगा।
स्वीडन, पेरू और अमेरिका के एथलीट्स ने लिया 8वीं मानसून मैराथन में हिस्सा
पचमढ़ी में वर्ष 2018 से निरंतर आयोजित हो रही पचमढ़ी मानसून मैराथन का इस वर्ष 8वां संस्करण में देश-विदेश से लगभग 1800 धावकों ने भाग लिया। राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों के साथ-साथ स्वीडन, मंगोलिया, पेरू और अमेरिका जैसे देशों से आए अंतरराष्ट्रीय धावकों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।हर आयु वर्ग और क्षमता के धावकों को ध्यान में रखते हुए इस प्रतियोगिता को चार मुख्य श्रेणियों में आयोजित किया गया था।
चार श्रेणियों में हो रही मैराथन
42 किलोमीटर (फुल मैराथन): अल्टीमेट चैलेंज (सुबह 6:00 बजे प्रारंभ)
21 किलोमीटर (हाफ मैराथन): स्टैमिना टेस्ट (सुबह 6:45 बजे प्रारंभ)
10 किलोमीटर: पैशनेट रनर्स के लिए (सुबह 7:45 बजे प्रारंभ)
5 किलोमीटर: फन रन एवं न्यू कमर्स के लिए (सुबह 8:00 बजे प्रारंभ)
ऊँचाई और उतार-चढ़ाव भरे चुनौतीपूर्ण पर्वतीय मार्गों पर आयोजित 42 किमी की फुल मैराथन इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही, जिसने धावकों की शारीरिक और मानसिक क्षमता की वास्तविक परीक्षा ली।
प्रशासन और अधिकारियों की सहभागिता
मैराथन में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व क्षेत्र संचालक राखी नंदा ने 5 किलोमीटर दौड़ में हुई शामिल ।
ग्रीन डेस्टिनेशन पचमढ़ी और 'फिट इंडिया' का संदेश
गौरतलब है कि पचमढ़ी को हाल ही में ITB बर्लिन 2026 में 'ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है। पचमढ़ी मानसून मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता न होकर सतत एवं प्रकृति-आधारित पर्यटन, 'फिट इंडिया' अभियान और साहसिक पर्यटन (Adventure Tourism) को बढ़ावा देने का एक अनूठा मंच बनकर उभरी है।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की पहल को प्रतिभागियों ने सराहा
पचमढ़ी की प्राकृतिक और हसीन वादियों में आयोजित पचमढ़ी मानसून मैराथन को देश और विदेश से आए धावकों ने एक अविस्मरणीय और अद्भुत अनुभव बताया। मध्य प्रदेश टूरिज्म (MPTB) की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए प्रतिभागियों ने आयोजन की व्यवस्था, सुरक्षा और माहौल की जमकर तारीफ की। अनुकूल मौसम और प्राकृतिक सुंदरता: प्रतिभागियों का कहना था कि रिमझिम बारिश और सुहावने मौसम के बीच पचमढ़ी की हरी-भरी पहाड़ियों और वादियों में दौड़ना एक अलग ही ऊर्जा, ताजगी और उत्साह से भर देता है। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की इस पहल ने न केवल खेल और फिटनेस को बढ़ावा दिया है, बल्कि पचमढ़ी को मानसून पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी मजबूती से स्थापित किया है।
सुरक्षा व व्यापक व्यवस्थाएं
आयोजकों एवं एडवेंचर्स एंड यू के डायरेक्टर मितेश रामिया के द्वारा प्रतिभागियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए मार्ग में स्थान-स्थान पर हाइड्रेशन पॉइंट्स, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और गाइडेंस सिस्टम की पुख्ता व्यवस्था की गई थी, जिससे धावकों को एक सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हुआ।















