जुलाई 2027 तक रिक्तियों की गणना जारी, भर्तियों के लिए जल्द ही विज्ञापन
स्कूल शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों द्वारा पद वृद्धि की मांग पर बताई वस्तुस्थिति
3 सितंबर 2026। स्कूल शिक्षा विभाग ने विज्ञापित पदों की संख्या परीक्षा परिणाम आने के बाद बढ़ाने-घटाने, बैकलॉग पदों पर भर्ती आदि विषयों पर वैधानिक प्रावधानों अनुसार स्थिति स्पष्ट की है। अभ्यर्थियों द्वारा शिक्षक वर्ग 1 (उच्च माध्यमिक शिक्षक), वर्ग 2 (माध्यमिक शिक्षक) एवं वर्ग 3 (प्राथमिक शिक्षक) की भर्ती में विज्ञापित पदों में वृद्धि की मांग लगातार की जा रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों द्वारा पदवृद्धि की मांग के संबंध विभाग द्वारा वस्तुस्थिति बताई गई है। इसके अनुसार किसी भी विज्ञापन में विज्ञापित पदों की संख्या को परीक्षा परिणाम आ जाने के बाद बढ़ाया या घटाया नहीं जा सकता है। यह विधि द्वारा स्थापित सिद्धांत है। नये रिक्त पदों को नई भर्तियों में विज्ञापित किया जा सकता है। उसे पुरानी भर्ती में पद वृद्धि कर शामिल नहीं किया जा सकता है।
बैकलॉग पद अन्य वर्ग से नहीं भरा जा सकता
विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है कि जो पद अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी प्राप्त न होने से बैकलॉग में है, उन्हें अनारक्षित वर्ग से अथवा ओबीसी वर्ग से भी भरा नहीं जा सकता। ऐसे पद पुनः नई भर्ती में शामिल किए जायेंगे। यह कहना कि रिक्त पदों पर भर्तियां नहीं की जा रही, सही नहीं है। धरना दे रहे अभ्यर्थीगण चयन सूची में शामिल नहीं है। यह कहना भी गलत है कि चयनित अभ्यर्थी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। पदवृद्धि की मांग भी विधि अनुकूल न होने के कारण विचार योग्य नहीं है।
तथ्यात्मक स्थिति :- उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023
विभाग के 7591 पद (7086 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के 13 प्रतिशत पद होल्ड करने से) विज्ञापित किये गये हैं। कर्मचारी चयन मंडल से 3650 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई तथा 3436 (विभिन्न विषयों में आरक्षित प्रवर्ग (अजा/अजजा) अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हुए। 3650 की सूची में से 3194 के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। चयन सूची से नियुक्ति आदेश जारी करने की कार्यवाही वर्ष 2024 में पूर्ण हो चुकी है। प्रतीक्षा सूची (456) के संबंध में कार्यवाही माननीय सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन निम्नलिखित न्यायालयीन प्रकरणों के कारण स्थगित है।
माननीय न्यायालय द्वारा याचिका में पारित आदेश दिनांक 17मार्च2025 में आदेशित किया है कि भर्ती नियमों में द्वितीय श्रेणी के स्थान पर शैक्षणिक योग्यता को प्रतिशत के आधार पर (50% अनारक्षित एवं 45% अनारक्षित) निर्धारित कर संशोधित नियम के साथ पूरक चयन परीक्षा आयोजित की जाये। भर्ती प्रक्रिया के बीच में भर्ती नियमों में संशोधन कर पूरक चयन परीक्षा आयोजित करने में कठिनाई होने से माननीय सर्वोच्च न्यायालय में एस.एल.पी प्रस्तुत की गयी है, इसमें माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पूरक चयन परीक्षा आयोजित कराने संबंधी आदेश पर स्थगन प्रदान किया है। शीघ्र सुनवाई के आवेदन पर अगली सुनवाई 25 सितम्बर 2026 को सुनिश्चित की गई है।
उच्च माध्यमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2023 में अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट संबंधी प्रकरण में पारित निर्णय दिनांक 15अक्टूबर2024 में माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में निर्णय पारित करते हुए 3 वर्ष की अतिरिक्त आयु सीमा को मान्य करते हुए ऐसे अभ्यर्थियों के लिए पुनः चयन परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तुत एस.एल.पी. डायरी में पारित आदेश दिनांक 02 मई 2025 में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा यथा स्थिति बनाए रखने के लिये "Status Quo" के निर्देश दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षक नियोजन 2025-2026 के संबंध में तथ्यात्मक स्थिति
विभाग द्वारा 7082 विज्ञापित किये गये, 6468 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे। 614 पद 13 प्रतिशत पद होल्ड रखे गये (अन्य पिछड़ा वर्ग)। कर्मचारी चयन मंडल से 4005 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई। शेष 2463 पदों में से अनुसूचित जाति के 409 एवं जनजाति के 2054 पदों पर अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं है। 4005 अभ्यर्थियों की चयन सूची में से 3699 के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। शेष 306 अभ्यर्थी अपात्र होने से उनके स्थान पर हेतु प्रतीक्षा सूची से अभ्यर्थी की नियुक्ति हेतु कार्यवाही प्रचलित है।
प्राथमिक शिक्षक नियोजन 2025-2026 के संबंध में तथ्यात्मक स्थिति
विभाग के 10150 विज्ञापित किये गये हैं। 9161 पद भर्ती के लिए उपलब्ध रहे। 989 पद 13 प्रतिशत पद होल्ड रखे गये (अन्य पिछड़ा वर्ग)। कर्मचारी चयन मंडल से 7962 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई। 1199 अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं है। 7962 अभ्यर्थियों की चयन सूची में से 6922 के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। शेष 1040 पदों में से 465 के दस्तावेज एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के सत्यापन इत्यादि के दृष्टिगत प्रचलित है। प्रतीक्षा सूची में उपलब्ध अभ्यर्थियों में से 575 अभ्यर्थियों के लिए प्रवर्गवार नियुक्ति की कार्यवाही की जायेगी।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उच्च माध्यमिक शिक्षक के 3436 एवं माध्यमिक शिक्षक के 2463 एवं प्राथमिक शिक्षकों के 1199 पदों पर आरक्षित प्रवर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं है तथा लगभग 2108 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के 13 प्रतिशत पद होल्ड होने से रिक्त है। इन पदों पर अन्य प्रवर्ग के अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं की जा सकती है।
विभाग में प्राचार्य एवं शिक्षकों की उपलब्धता
स्कूल शिक्षा विभाग ने जानकारी दी है कि पदोन्नति के सम्बन्ध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में स्टैंडिंग कौंसिल से अभिमत प्राप्त किया गया है। उनके द्वारा टीईटी पास शिक्षकों की ही पदोन्नति करने का अभिमत दिया गया है। अतः पदोन्नति की कार्यवाही भी लंबित है। 72901 रिक्त पदों पर पदोन्नति के 59073 पद शामिल है। जबकि 3990 पद ओबीसी के 13 प्रतिशत होल्ड पदों में शामिल है तथा 8038 पर बैकलॉग के शामिल है। पदोन्नति होने के बाद प्राप्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जायेगी। जबकि बैकलॉग के पदों को पुनः नवीन भर्ती में विज्ञापित किया जा रहा है। सीधी भर्ती में रिक्त पदों में अधिकांश बैकलॉग एवं 13 प्रतिशत ओबीसी होल्ड के पद है।
जुलाई 2027 तक रिक्तियों की गणना जारी, भर्तियों के लिए जल्द ही विज्ञापन
स्कूल शिक्षा विभाग ने जानकारी दी है कि विभाग आगामी भर्तियों की तैयारी कर रहा है। जिसके लिए जुलाई 2027 तक की रिक्तियों की गणना की जा रही है। शीघ्र ही नई भर्तियों का विज्ञापन जारी किया जायेगा। बताया गया है कि वर्तमान में उच्च माध्यमिक शिक्षक के कुल 4769 पद हैं, इनमें 3219 बैकलॉग के हैं और 1530 नवीन हैं, जबकि 1316 पद होल्ड पर रखे गये हैं। इस प्रकार माध्यमिक शिक्षक के 5504 रिक्तियों में 2504 बैकलॉग के पद हैं और 3000 नवीन पद हैं। इसमें नियमानुसार 929 पद होल्ड पद हैं। प्राथमिक शिक्षक के पद की कुल 7815 रिक्तियाँ हैं। इनमें बैकलॉग के 2315 पद हैं और 5500 नवीन पद हैं। प्राथमिक शिक्षक के 1745 पद होल्ड पर हैं। इस प्रकार कुल 18088 रिक्तियों में 8038 पद बैकलॉग के हैं, जबकि 10050 पद नवीन हैं और 3990 पद होल्ड पर हैं।