श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय में ‘न्याय की पुनर्कल्पना’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ
श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय (SVVV), इंदौर एवं आशा पारस फॉर पीस एंड हार्मनी फाउंडेशन (APPHF), भारत के संयुक्त तत्वावधान में “न्याय की पुनर्कल्पना: नारीवादी व्यवहार, अंतर्संबंधिता एवं मानव तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय प्रयास” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 21 एवं 22 नवंबर, 2026 को किया गया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं विश्वविद्यालय कुलगान प्रस्तुत किया गया। APPHF इंडिया की ओर से स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रो. आर. के. शुक्ला, पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, वाणिज्य विभाग, PSSCIVE, भोपाल तथा निदेशक, APPHF इंडिया ने संस्था की स्थापना एवं उसकी यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपने कार्यक्षेत्र में अर्जित ज्ञान एवं अनुभव को समाज को वापस लौटाने की भावना से इस संस्था की शुरुआत की गई। उन्होंने शोध की गुणवत्ता में सुधार तथा शोध के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों को पहचान एवं प्रोत्साहन दिलाने के लिए संस्था की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
विश्वविद्यालय की ओर से स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रो. योगेश सी. गोस्वामी, कुलपति, श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी को विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने मानव तस्करी को एक गंभीर सामाजिक चुनौती बताते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान की दिशा में संवाद और सामूहिक प्रयासों में सहभागी बनना विश्वविद्यालय के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का सम्मेलन में सहभागिता करने के लिए आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन की आयोजन अध्यक्ष प्रो. आशा शुक्ला, पूर्व कुलपति, BRAUSS, महू एवं प्रबंध निदेशक, APPHF इंडिया ने सम्मेलन की विषयवस्तु, उद्देश्यों एवं विशिष्ट अतिथियों का परिचय दिया। उन्होंने अपने संबोधन में मानव तस्करी की गंभीर वास्तविकताओं को अपने अनुभवों एवं वास्तविक घटनाओं के माध्यम से साझा किया। उन्होंने मानव तस्करी के मामलों में मीडिया एवं प्रशासन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार संस्था ने मानव तस्करी के शिकार बच्चों की पहचान स्थापित करने में सहयोग किया। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति एवं समस्त प्राध्यापकों के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन डॉ. मार्कण्डेय राय, वरिष्ठ सलाहकार, UN-Habitat एवं कुलाधिपति, IGTAMSU, अरुणाचल प्रदेश द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में समाधानपरक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समस्याओं पर पर्याप्त चर्चा हो चुकी है, अब समय उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सम्मेलन में होने वाले विचार-विमर्श से सार्थक समाधान सामने आएंगे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती सावित्री ठाकुर, माननीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री, भारत सरकार एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद ने मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए सामाजिक जागरूकता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता के माध्यम से समाज की अनेक समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। इसके लिए सरकार और समाज को एक साझा दिशा में मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने लैंगिक समानता एवं महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना आवश्यक है, जहां बालिकाओं को मानव तस्करी का भय न हो।
उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता प्रो. वी. के. मल्होत्रा, अध्यक्ष, मध्य प्रदेश खाद्य आयोग, भोपाल एवं पूर्व सदस्य सचिव, ICSSR, नई दिल्ली ने अपना मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने महिलाओं की स्वतंत्रता, समानता, नारीवाद एवं लैंगिक अधिकारों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के ऐतिहासिक एवं सैद्धांतिक पक्षों पर चर्चा करते हुए कार्य करने एवं मतदान करने जैसे बुनियादी अधिकारों के महत्व को रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। श्री आनंद स्वरूप मिश्रा स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड डॉ. पी. एम. नायर, IPS (सेवानिवृत्त), पूर्व महानिदेशक, NDRF एवं नागरिक सुरक्षा, भारत सरकार तथा मानव तस्करी निरोधक विशेषज्ञ, चेन्नई को प्रदान किया गया। समाज सेवी श्री शिवशंकर शुक्ला स्मृति सम्मान डॉ. शिशिर पंडित, प्रशासनिक अधिकारी, नई दिल्ली, पर्यावरणविद् एवं मानद अध्यक्ष, UNAccc-MP को प्रदान किया गया। कानूनविद् न्यायमूर्ति ए. एस. आलवा स्मृति सम्मान अधिवक्ता संगीता मोहरिर, अधिवक्ता एवं जेंडर विशेषज्ञ, भोपाल को प्रदान किया गया। समाज सेवी श्रीमती सत्यवती शुक्ला स्मृति सम्मान डॉ. कमलावेणी, एसोसिएट प्रोफेसर, महिला अध्ययन केंद्र (WSC), पांडिचेरी विश्वविद्यालय, तमिलनाडु को प्रदान किया गया। वहीं समाज सेवी श्रीमती गायत्री राय स्मृति सम्मान राजेश मणि, संस्थापक, मदद फाउंडेशन, गोरखपुर, उत्तर प्रदेश को प्रदान किया गया।
सत्र के अंत में डॉ. सीमा आलवा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय), इंदौर, मध्य प्रदेश ने आभार प्रदर्शन किया। सत्र की अध्यक्षता डॉ. शाजिया मलिक, प्राध्यापक, महिला अध्ययन एवं अनुसंधान केंद्र (CWSR), कश्मीर विश्वविद्यालय, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर ने की।
सम्मेलन का समग्र समन्वय डॉ. आशुतोष बैरागी, प्रमुख, विधि संस्थान एवं डॉ. रूपा शिंदे, प्रमुख, सामाजिक विज्ञान संस्थान, श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय द्वारा किया गया।
सम्मेलन के प्रथम दिवस एक पूर्ण सत्र (प्लेनरी सेशन) का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। सत्र में राजेश मणि, संस्थापक, मदद फाउंडेशन, गोरखपुर, उत्तर प्रदेश; डॉ. पी. एम. नायर, IPS (सेवानिवृत्त), पूर्व महानिदेशक, NDRF एवं नागरिक सुरक्षा, भारत सरकार तथा मानव तस्करी निरोधक विशेषज्ञ; डॉ. आयो आयूला-अमाले, अध्यक्ष, विमेन्स इंटरनेशनल लीग फॉर पीस एंड फ्रीडम (WILPF), घाना; तथा डॉ. सुरेश पांडे, पूर्व प्रधान वैज्ञानिक, अंतरराष्ट्रीय कृषि, इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (ICRISAT), पटनचेरु, हैदराबाद, तेलंगाना ने सहभागिता की।
सम्मेलन के प्रथम दिवस का समापन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ।
इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं विषय विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे न्याय के नारीवादी दृष्टिकोण, अंतर्संबंधिता तथा मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वित प्रयासों पर विचार-विमर्श कर सकें।