×

अंत्योदय की अलख जगाएगी भाजपा : शर्मा

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 1027

Bhopal: प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया को दी 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा और समर्पण अभियान की जानकारी
भोपाल 15 सितंबर 2021। हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी हमेशा पिछड़ों, गरीबों के कल्याण लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ अब सबका प्रयास का नारा दिया है और सभी के प्रयासों से देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। वहीं, हमारे नेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए अंत्योदय का ऐसा विचार दिया है, जिसके माध्यम से भारतीय जनता पार्टी की सरकारें गरीब कल्याण के प्रयास कर रही है। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री मोदी का जन्मदिवस है और पार्टी हर साल 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती मनाती है। इस बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा ने तय किया है कि 17 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक पार्टी ?सेवा और समर्पण? का अभियान चलाएगी। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सेवा और समर्पण की अलख जगाएंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने इस अभियान की विस्तृत जानकारी भी मीडिया को दी।

15-23 सितम्बर : 71 लाख लोगों को वेक्सीन लगवाएंगे पार्टी कार्यकर्ता

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने जिस तरह कोरोना संकट के दौरान वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित कर वैक्सीन तैयार कराई और पूरे देश के लोगों को मुफ्त में उपलब्ध कराई है, उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री जी का 71 वां जन्मदिवस है और पार्टी ने तय किया है कि सेवा और समर्पण अभियान के अंतर्गत 15 से 23 सितम्बर पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के 71 लाख लोगों को वेक्सीन लगवाने के लिए अभियान चलाएंगे। इस अभियान में सभी 65 हजार बूथों पर 111 वेक्सीन डोज लगवाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न समितियों के सदस्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की भी सक्रिय भागीदारी होगी। श्री शर्मा ने कहा कि मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश में 50 हजार बूथों पर 1.51 लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की भर्ती और प्रशिक्षण का काम पूरा हो चुका है।

16-17 सितम्बर : प्रधानमंत्री पर लगेगी प्रदर्शनी, 71 धर्मस्थलों की होगी सफाई

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 16 एवं 17 सितंबर को प्रदेश कार्यालय एवं सभी जिला कार्यालयों में प्रधानमंत्री श्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी नमो एप पर भी उपलब्ध रहेगी। श्री शर्मा ने बताया कि 16 सितम्बर को प्रदेश के प्रत्येक जिले में पार्टी कार्यकर्ता 71 चिह्नित धर्मस्थलों में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री जी के 71 वें जन्मदिवस पर इन धर्मस्थलों पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के दीर्घायु होने की कामना से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 20 सितम्बर को प्रत्येक मंडल में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने कोरोना संकट के दौरान लोगों की भरपूर सहायता की थी। अब प्रकोष्ठ के नेटवर्क से 5 हजार डॉक्टर और जुड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि 23 सितम्बर को चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा प्रत्येक जिले में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

पं. दीनदयाल जी की जयंती पर होंगे सेवा कार्यक्रम, मंडल में लगेंगे नमो उपवन

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि पं. दीनदयाल की जयंती पर 25 सितम्बर को प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यह बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने अंत्योदय के लिए क्या प्रयास किए हैं और इससे लोगों के जीवन में क्या बदलाव आए हैं। इसके अलावा गरीबों, जरूरतमंदों के लिए सेवा के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अजा मोर्चा, अजजा मोर्चा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सक्रिय भागीदारी होगी। श्री शर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को युवा मोर्चा द्वारा सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जायेंगे। 29-30 सितम्बर एवं 01 अक्टूबर को प्रत्येक मंडल में नमो उपवन तैयार किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न प्रजातियों के 71 उपयोगी पौधे रोपे जाएंगे। ये पौधे पार्टी के दिवंगत नेताओं, क्रांतिकारियों, कोविड संकट के दौरान मृत लोगों की स्मृति में रोपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि 29-30 सितम्बर को ही केंद्र सरकार द्वारा अंत्योदय के लिए किए गए प्रयासों के फलस्वरूप लोगों के जीवन में आए बदलावों पर सम्मेलन, सेमिनार आदि का आयोजन किया जाएगा।

सिर्फ नाम नहीं लेती, गांधी जी के विचारों को जीवन में उतारती है भाजपा

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा गांधीजी का सिर्फ नाम नहीं लेती, बल्कि उनके विचारों को जीवन में उतारती भी है। उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर को गांधी जयंती पर स्वच्छता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा छोटे शिल्पकारों, खादी उत्पादकों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय उत्पादों के प्रयोग से संबंधित बापू के आग्रह को प्रचारित किया जाएगा। श्री शर्मा ने बताया कि 04 एवं 05 अक्टूबर को सभी जिलों में प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार द्वारा देश और समाज के हित में किए जा रहे कार्यों के संबंध में वर्चुअल कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिनमें बुद्धिजीवियों एवं प्रबुद्धजनों की भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि 04 एवं 05 अक्टूबर को ही कोविड संकट में बेसहारा हुए बच्चों के पंजीयन का काम किया जाएगा, ताकि उन्हें पीएम केयर का लाभ दिलाया जा सके। श्री शर्मा ने कहा कि 07 अक्टूबर को प्रधानमंत्री श्री मोदी गवर्नेंस के 20 वर्ष पूरे कर रहे हैं। इस अवसर को भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा समारोह के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अन्न उत्सव में एक दिन में 25 लाख लोगों को अनाज का वितरण कर रिकॉर्ड बनाया गया था। 07 अक्टूबर को भी ऐसा ही अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक राशन दुकान से प्रधानमंत्री जी द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण एवं सेवा के कार्यों को लेकर उन्हें धन्यवाद दिया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक दुकान से 100-100 पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री जी को भेजे जाएंगे। श्री शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर सभी से राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। 17 सितम्बर से 07 अक्टूबर के बीच पार्टीजन नमो एप पर दिये गए मॉड्यूल में जाकर संकल्प लेंगे।

कांग्रेस में नहीं बचे नेता, सिर्फ ट्विटर पर जिंदा है पार्टी

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब है कि उसके पास जमीन पर नेता नहीं बचे हैं। ये सिर्फ ट्विटर पर सक्रिय हैं, लेकिन ट्विटर पर सबको देखा नहीं जा सकता, सिर्फ लिखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दिग्विजयसिंह जैसे नेता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना तालिबान से करते हैं, इससे बड़ा झूठ कुछ हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे, तब 15 महीनों में वे कहीं नहीं गए, किसी से नहीं मिले। अब जाते हैं, लेकिन कहीं 15 मिनट से ज्यादा रुकते नहीं हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सागर में एक दलित को जिंदा जला दिया गया। धार में दो किसानों को पुलिस की मौजूदगी में पीट-पीटकर मार डाला गया। चित्रकूट में दो मासूम बच्चों का अपहरण कर मार डाला गया। अभी हाल ही में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष के बेटे ने दतिया में अल्पसंख्यक समुदाय के एक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी। सबलगढ़ के कांग्रेस विधायक और बड़नगर के कांग्रेस विधायक के परिजन अलग-अलग अपराधों में फरार चल रहे हैं। लेकिन कांग्रेस इन मामलों में कुछ नहीं बोलती। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस खुद को अजा, अजजा की हितैषी बताती है, लेकिन प्रदेश की जनता सबकुछ जानती है और वही इन्हें जवाब देगी।


(लोकेन्द्र पाराशर)
प्रदेश मीडिया प्रभारी

Related News

Latest News

Global News