×

अब कृषि विस्तार अधिकारी के सभी 1251 पद पदोन्नति से भरे जायेंगे

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 28707

Bhopal: 16 मार्च 2017, राज्य के कृषि विभाग के अंतर्गत स्वीकृत कृषि विस्तार अधिकारी के सभी पद अब पदोन्नति के द्वारा भरे जायेंगे जबकि सहायक सांख्यिकी अधिकारी के सभी 138 पद सीधी भर्ती के द्वारा भरे जायेंगे। इस संबंध में राज्य सरकार ने 45 साल बाद मप्र अधीनस्थ कृषि अलिपिकीय वर्गीय सेवा भर्ती नियम 1972 में संशोधन कर दिया है।



नये संशोधन के अनुसार, कृषि विस्तार अधिकारी के कुल 1251 पदों में से 84 प्रतिशत पद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पद से पदोन्नति द्वारा भरे जायेंगे। इन 84 प्रतिशत पदों में से 30 प्रतिशत पद कृषि स्नातक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से तथा शेष 54 प्रतिशत पद गैर स्नातक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से पदोन्नति द्वारा भरे जायेंगे। इसी प्रकार कृषि विस्तार अधिकारी के शेष 16 प्रतिशत पद भूमि संरक्षण सर्वे अधिकारी के पदों से पदोन्नति द्वारा भरे जायेंगे।



सहायक सांख्यिकी अधिकारी के कुल 138 पदों को सीधी भर्ती से भरे जाने के संबंध में संशोधन नियमों में कारण बताया गया है कि फीडिंग कैडर में शासकीय सेवक उपलब्ध नहीं होने तथा डाईंग कैडर घोषित होने से सौ प्रतिशत कोटा सीधी भर्ती से नियत किया गया है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कृषि विस्तार अधिकारी के 40 पद सीधी भर्ती से भरे जाते थे। लेकिन ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को तीस-तीस साल से पदोन्नति नहीं मिल नहीं रही थी और वे रिटायर भी हो जाते थे। उन्हीं की मांग पर अब कृषि विस्तार अधिकारी के सभी पदों को पदोन्नति द्वारा भरे जाने का नया प्रावधान किया गया है।





- डा.नवीन जोशी

Related News

Latest News

Global News