×

ठेकेदारों को राहत : जल संसाधन विभाग ने जारी किये साढ़े तीन करोड़ के टेण्डर

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 911

Bhopal: 26 अप्रैल 2020। राज्य सरकार ने लॉकडाऊन के दौरान ठेकेदारों को राहत दी है और उन्हें और उनके मजदूरों को काम देने के लिये 27 कार्यों के साढ़े तीन करोड़ रुपयों के टेण्डर जारी कर दिये हैं। ये टेण्डर दस जिलों भोपाल, शहडोल, इंदौर, सागर, गुना, रायसेन, मंदसौर, रतलाम, शाजापुर और छिन्दवाड़ा के लिये जारी किये गये हैं।
इन टेण्डर में बिड 5 मई तक देनी है तथा 12 एवं 14 मई को ये बिड खोली जायेंगी। भोपाल जिले के लिये दस, शहडोल, मंदसौर और इंदौर जिलों के लिये तीन-तीन, सागर एवं रतलाम जिलों के लिये दो-दो तथा रायसेन, शाजापुर, गुना और छिन्दवाड़ा जिलों के लिये एक-एक टेण्डर जारी किये गये हैं। इन कुल 27 टेण्डरों की कुल राशि 3 करोड़ 48 लाख 10 हजार रुपये है। इन टेण्डरों के बारे में सूचना मप्र शासकीय ठेकेदार एसोसियेशन भोपाल के अध्यक्ष को भी दी गई है। इन कार्यों में बिड ई-टेण्डरिंग से ली जायेगी।
विभागीय अधिकारी ने बताया कि आगामी वर्षाकाल के मद्देनजर आवश्यक रखरखाव हेतु दस जिलों के लिये 27 कार्यों के टेण्डर उच्च स्तर पर सक्षम स्वीकृति से जारी किये गये हैं। इन टेण्डरों का समाचार-पत्रों में भी प्रकाशन किया जायेगा। 14 अन्य ग्रीन जिलों में रुके 38 निर्माण कार्यों को भी प्रारंभ करने की अनुमति दी गई है।

- डॉ. नवीन जोशी

Related News

Latest News

Global News