×

दूसरे चरण में भी कम मतदान, अंदरूनी लहर पर सवार भाजपा को जीत की आस

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: Admin                                                                         Views: 149635

Bhopal: मप्र में दूसरे चरण में भी कम मतदान हुआ है। शुक्रवार शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक 6 सीटों पर 58.35 प्रतिशत मतदान हुआ। बीते लोकसभा चुनाव में इन सीटों पर हुए मतदान को देखें तो करीब नौ प्रतिशत वोटिंग कम हुई है। 2019 में इन छह सीटों पर औसतन 67.77 प्रतिशत मतदान हुआ था। कम मतदान के बावजूद भाजपा का मानना है कि अंदरूनी लहर चल रही है और उसे अपनी जीत का पूरा भरोसा है। वहीं, कमजोर मतदान को सत्ता विरोधी लहर मानकर कांग्रेस की बांछें खिली हुई हैं। मतदान कम होने को वह अपनी व इंडी गठबंधन के हित में मान रही है।

मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर चार चरणों में चुनाव हो रहा है। दूसरे चरण के तहत 6 सीटों सतना, रीवा, खजुराहो, टीकमगढ़, दमोह और होशंगाबाद सीट सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। चुनाव आयोग की तरफ से 9 बजे जारी आंकड़े के अनुसार 13.82 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। इसके बाद 11 बजे तक 28 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग कर लिया था। दोपहर 1 बजे तक यह मतदान का प्रतिशत 39.96 प्रतिशत पहुंच गया। सुबह मतदान केंद्रों पर वोटर्स की लंबी-लंबी कतारें नजर आई, लेकिन जैसे जैसे दिन चढ़ता गया और गर्मी बढ़ी तो पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की संख्या में कमी देखने को मिली। दोपहर 3 बजे तक 46.68 प्रतिशत, शाम 6 बजे तक 58.35 प्रतिशत मतदान हो गया था। हालांकि अंतिम आंकड़े कुछ बढ़ सकते हैं।

पहले चरण से भी कम हुआ मतदान
लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में शुक्रवार को 58.35 फीसदी मतदान हुआ, जबकि 2019 में 67.64 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस तरह इसमें 9.29 फीसदी की गिरावट आई। पहले चरण में 67.75 फीसदी वोटिंग हुई थी, जो कि 2019 के 75.24 फीसदी के मुकाबले 7.47 कम थी।

Share

Related News

Latest News

Global News