×

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को सागर में करेंगे 100 करोड़ से बनने वाले संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर का शिलान्यास

Location: भोपाल                                                 👤Posted By: prativad                                                                         Views: 441

भोपाल: 5 अगस्त 2023। समरसता यात्रा सर्व समाज को जोड़कर लोगों में सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचा रही है। यह यात्राएं प्रदेश के प्रत्येक गांव से एक मुट्ठी मिट्टी और पवित्र नदियों का जल एकत्र कर सागर पहुंचेगी। जहां 12 अगस्त को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 35 एकड़ में 100 करोड रुपए की लागत से निर्मित होने वाले संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर का शिलान्यास करेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को देवास, इंदौर, शिवपुरी, नरसिंहपुर और छतरपुर जिलों की विधानसभाओं में यात्रा के दौरान जनसंवाद को संबोधित करते हुए कही।

25 जुलाई से प्रदेश के 5 स्थानों से प्रारंभ हुई समरसता यात्राओं ने 11वें दिन देवास, इंदौर, शिवपुरी, नरसिंहपुर और छतरपुर जिलें की विधानसभाओं में संत रविदास जी के समरस समाज का संदेश पंहुचाया। ग्रामीणों ने मंचो के माध्यम से पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ग्रामीणों ने अपने अपने गांव की एक मुट्ठी मिट्टी, एक लौटा जल संत शिरोमणि रविदास जी के चित्र के समक्ष समर्पित किया।

आध्यात्मिक उपदेश व सामाजिक समता के अद्वितीय संत - राकेश सिंह
संत शिरोमणि रविदास जी महाराज समरसता यात्रा नरसिंहपुर (दादा महाराज मंदिर) से बग़ासपुर के लिए निकली। यात्रा की शुरुआत संत रविदास जी महाराज जी की चरण पादुका पूजन कर किया गया। इस अवसर पर गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरी जी, भाजपा जिला प्रभारी श्रीमती अमिता चपरा, पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे। यहाँ से यात्रा ने जबलपुर जिलें की बरगी विधानसभा में प्रवेश किया। चरगवां में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद राकेश सिंह, जनअभियान परिषद् के उपाध्यक्ष डॉ जितेन्द्र जामदार ने यात्रा की अगवानी की और संत रविदास जी की चरण पादुका व कलश का पूजन किया। चरगवां में जनसंवाद को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जबलपुर सांसद राकेश सिंह ने कहा कि संत रविदास जी समरसता सद्भावना, आध्यात्मिक उपदेश व सामाजिक समता के अद्वितीय संत है। मध्यप्रदेश के पावन भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण से प्रदेश रविदास जी के जीवन और उपदेशों की स्मरण स्थली बनकर उभरेगा। जनसंवाद को गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष महामंडलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरी, जनअभियान परिषद् के उपाध्यक्ष डॉ जितेन्द्र जामदार ने भी संबोधित करते हुए संत रविदास जी महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मंदिर निर्माण में देवास जिले से मिट्टी व जल लगना गर्व का विषय - गायत्री राजे
जन-जन तक संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षा को पहुंचाने एवं समरस समाज की स्थापना के उद्देश्य से भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा निकाली जा रही समरसता यात्रा शनिवार को सोनकच्छ से हाटपीपल्या विधानसभा के जमगोद, खटांबा होती हुई देवास विधानसभा में पहुंची। यहां स्थानीय सयाजी द्वार से रैली के रूप में तहसील चौराहा, नावेल्टी चौराहा, गांजाभांग चौराहा होते हुए नाहर दरवाजा पहुंची। यहां पर एक जनसंवाद का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार ने संबोधित करते हुए कहा कि सागर में बन रहे मंदिर में मेरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों व कस्बों से रविदास जी के मंदिर हेतु मिट्टी और जल जा रहा है, जो इस मंदिर निर्माण में लगेगा। यह हमारे लिए गर्व की बात है। देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला भेरूलाल अटारिया, पूर्व महापौर श्री शरद पाचुनकर, श्री सुभाष शर्मा, दुर्गेश अग्रवाल, पंकज वर्मा, संतोष पंचोली मनीष सोलंकी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनता शामिल हुई।

समाज में एकता बनाये रखने प्रदेश सरकार यह प्रयास प्रशंसनीय- साध्वी रंजना दीदी
श्योपुर से प्रारंभ हुई समरसता यात्रा 11वें दिन शनिवार को शिवपुरी पहुंची। शिवपुरी पहुंचने पर यात्रा का आमजनों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया साथ ही संत रविदास जी की चरण पादुकाओं का पूजन भी किया। जिसके पश्चात समरसता यात्रा ने नगर भ्रमण किया। नगर में सामाजिक, व्यापारिक, खेल, शैक्षणिक सहित अनेक संगठनों ने यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। जगह जगह रथ का पूजन एवं आरती उतारी गई। मानस भवन में जनसंवाद कार्यक्रम हुआ, जिसे यात्रा के प्रभारी व बांस शिल्प बोर्ड के अध्यक्ष श्री घनश्याम पिरौनिया, हरिद्वार से आई साध्वी रंजना दीदी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा ने भी संबोधित किया। साध्वी रंजना दीदी ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा हमारी वैभवशाली संस्कृति और सर्वाच्च परम्पराओं, आध्यात्मिक मूल्यों को संरक्षित कर गौरवशाली इतिहास से परिचय कराया जा रहा है। समाज में एकता और समरसता बनाये रखने प्रदेश सरकार की ओर से बड़ा प्रयास है, जो प्रशन्सनीय है।

छतरपुर में यात्रा का धार्मिक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत
संत शिरोमणि रविदास महाराज के भव्य मंदिर निर्माण के उद्देश्य से निकाली जा रही समरसता यात्रा का छतरपुर में आज दूसरा दिन था। दूसरे दिन भी इस यात्रा में बड़ी संख्या में जनसमुदाय जुड़ा। यात्रा का जगह-जगह मंचों के माध्यम से भव्य और अद्भुत स्वागत हुआ। जिस क्षेत्र से यात्रा निकाली वह पूरा क्षेत्र संत शिरोमणि रविदास जी महाराज से जयकारों से गुंजायमान हो गया। शनिवार को समरसता यात्रा दला बछौन राजनगर छतरपुर पहुंची। यात्रा के प्रभारी और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव, छतरपुर जिला महामंत्री श्री अरविन्द पटेरिया, श्री दिलीप अहिरवार नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सुरेन्द्र चौरसिया, श्री पुष्पेन्द्र अवस्थी, श्री गोविन्द सिंह सहित पार्टी पदाधिकारियों और जनता ने यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। छतरपुर के मुख्य मार्गों पर जब यात्रा निकली तो सामाजिक संगठनों और विभिन्न धर्मों के संगठनों ने मंच के माध्यम से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। नगर के अटल सभागार में यात्रा का जनसंवाद किया। जनसंवाद को यात्रा प्रभारी डॉ कैलाश जाटव और श्री अरविन्द पटेरिया ने संबोधित किया।

इंदौर में यात्रा का समाज के सभी जाति, धर्म, वर्गों के लोगों ने मिलकर किया भव्य स्वागत
संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर निर्माण के उद्देश्य से निकाली जा रही यात्रा का आज इंदौर में तीसरा दिन रहा। यात्रा सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल प्रस्तुत कर रही है। इंदौर में तीसरे दिन भी यात्रा का समाज के सभी जाति, धर्म, वर्गों के लोगों ने मिलकर भव्य स्वागत किया। यात्रा का नागरिकों ने जगह जगह ढोल-ताशों के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह कलश यात्रा में भी निकाली गई। महिलाओं ने यात्रा मार्ग पर कई जगह रांगोलिया भी बनाई।
संत शिरोमणि गुरु रविदास समरसता यात्रा शनिवार को सुबह हातोद से रवाना हुई और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक इंदौर-1 के पंचशील नगर पहुंची। पंचशील नगर में जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस जनसंवाद कार्यक्रम में इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर, यात्रा के प्रभारी श्री सूरज केरो, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री निरंजन सिंह चौहान, श्री दिनेश वर्मा, श्री संदीप दुबे, सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने संबोधन के माध्यम से संत श्री रविदास जी के विचारों को आमजन तक पहुंचाया। उन्होंने भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा पर सागर में बनाए जाने वाले भव्य रविदास मंदिर के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसी तरह यह यात्रा विधानसभा क्षेत्र इंदौर-2 के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। यहां यात्रा में विधायक श्री रमेश मेंदोला, शामिल हुए। विधानसभा क्षेत्र इंदौर-3 में सांसद श्री शंकर लालवानी और विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय भी इस यात्रा में शामिल हुए।







Madhya Pradesh, प्रतिवाद समाचार, प्रतिवाद, MP News, Madhya Pradesh News, MP Breaking, Hindi Samachar, prativad.com

Related News

Latest News

Global News