×

गेल (इंडिया) लिमिटेड की 60 हजार करोड़ रुपये की एथेन क्रैकर परियोजना को सीएम ने दी मंजूरी

prativad news photo, top news photo, प्रतिवाद
Location: भोपाल                                                 👤Posted By: prativad                                                                         Views: 1295

भोपाल: 7 जून 2024: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले की आष्टा तहसील में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा स्थापित की जाने वाली देश की सबसे बड़ी एथेन क्रैकर परियोजना को मंजूरी दे दी।

यह परियोजना लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से बनाई जाएगी और यह देश की सबसे बड़ी एथेन क्रैकर परियोजना होगी। इसमें ग्रीनफील्ड पेट्रोकेमिकल परिसर भी शामिल होगा, जो एलएलडीपीई, एचडीपीई, एमईजी और प्रोपलीन जैसे पेट्रोकेमिकल्स का उत्पादन करेगा।

इस परियोजना से निर्माण अवधि के दौरान 15,000 और संचालन अवधि के दौरान 5,600 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। परियोजना में 70 हेक्टेयर का टाउनशिप भी विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस परियोजना को प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण विकास बताया और कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और राज्य के औद्योगिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने परियोजना के लिए आवश्यक भूमि आवंटन की शीघ्र कार्यवाही के निर्देश भी दिए।

परियोजना का भूमि पूजन अगले फरवरी तक और वाणिज्यिक उत्पादन वित्त वर्ष 2030-31 में शुरू होने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश भवन में आयोजित बैठक में मध्य प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक चंद्रमौली शुक्ला और गेल (इंडिया) लिमिटेड के निदेशक आर.के. सिंघल उपस्थित थे।

Related News

Latest News

Global News