मैं मुख्यसेवक के रूप में प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित हूँ - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

News from Bhopal, Madhya Pradesh News, Heritage, Culture, Farmers, Community News, Awareness, Charity, Climate change, Welfare, NGO, Startup, Economy, Finance, Business summit, Investments, News photo, Breaking news, Exclusive image, Latest update, Coverage, Event highlight, Politics, Election, Politician, Campaign, Government, prativad news photo, top news photo, प्रतिवाद, समाचार, हिन्दी समाचार, फोटो समाचार, फोटो
Place: भोपाल                                                👤By: prativad                                                                Views: 1149

बहन- बेटियों के कल्याण के लिए जारी कोई योजना बंद नहीं होगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मार्च माह की पहली तारीख को लाड़ली बहना योजना की जारी होगी किस्त
मुख्यमंत्री ने बालाघाट में 761 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया

21 फरवरी 2024। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियों के कल्याण के लिए जारी कोई योजना बंद नहीं होगी। लाड़ली बहना योजना में मार्च माह की किस्त पहली तारीख को बहनों के खाते में जारी कर दी जाएगी। मैं अपने आपको मुख्यमंत्री नहीं, जनता का मुख्य सेवक मानता हूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधानसेवक हैं और मैं मुख्यसेवक के रूप में प्रदेश के विकास और जनकल्याण को समर्पित हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट में रोड-शो के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 650 करोड़ रुपए लागत की हिंदुस्तान ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और हिन्दुस्तान टेप्स प्राइवेट लिमिटेड औद्योगिक इकाईयों का भूमिपूजन किया तथा बालाघाट जिले के 761 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। कार्यक्रम में सासंद ढाल सिंह बिसेन, पूर्व मंत्री गौरी शंकर बिसेन और पूर्व राज्य मंत्री रामकिशोर कांवरे एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को माताओं- बहनों का सम्मान-गरीबों की सेवा करने और प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दिलवाया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने हितग्राहियों से संवाद भी किया।

विकास प्रक्रिया में बालाघाट वासियों से सहयोगी बनने का किया आव्हान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार तेज गति से विकास को समर्पित है, इसी का प्रमाण है कि बड़ी संभावना वाले बालाघाट जिले में अनेकों विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विकास की इस प्रक्रिया में बालाघाट वासियों से सहयोगी बनने का आव्हान किया।

लोकार्पण एवं भूमिपूजन
बालाघाट में किये गये लोकार्पण एवं भूमिपूजन में 150 करोड़ की लागत से पीवीसी इन्सुलेशन इलेक्ट्रिकल मिरगपुर का निर्माण, 300 करोड़ की लागत से गुड़रूघाट में इंथेलॉल इकाई, 200 करोड़ की लागत से सारंडी में सिलिको, फेरो अलॉयज एवं स्टील इकाई का निर्माण, 12 करोड़ 51 लाख की लागत से किन्ही,खुरमुण्डी, अमई, कोचेवाही, बकोड़ा, बकोड़ी, पिपरझरी, धपेरा और बसेगांव के शासकीय हाई स्कूलों में विभिन्न निर्माण कार्य, 2 करोड़ 17 लाख की लागत से तिरोड़ी और मलाजखण्ड के शासकीय महाविद्यालयों में निर्माण कार्य, 11 करोड़ 43 लाख की लागत से झालीवाड़ा से मेहदुली मार्ग में चंदन नदी पर पुल का निर्माण तथा 20 करोड़ 42 लाख की लागत से विभिन्न ग्रामीण सड़क मार्ग निर्माण कार्य शामिल है। बालाघाट में 45 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से निर्मित 45 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है। इनमें अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत 17 कारोड़ रुपए से अधिक की लागत से 20 शहरी पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 14 करोड़ 63 लाख की लागत से 11 नवीन उपस्वास्थ्य केंद्रों में निर्माण कार्य, 6 करोड़ से अधिक की सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, एक करोड़ 38 लाख की लागत से बिरसा कचनारी में कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निर्माण और 5 करोड़ 24 लाख रुपए लागत से 3 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कार्य भी शामिल है।

सागर में रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय का लोकार्पण किया जाएगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजाति क्षेत्र में कोदो-कुटकी के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पहले मंत्री परिषद की बैठक में रानी अवंती बाई और रानी दुर्गावती के नाम पर पुरस्कार की घोषणा की गई है। हमारा अतीत गौरवशाली है। गोंडवाना क्षेत्र में रानी दुर्गावती ने स्वाभिमान और आत्मसम्मान को डिगने नहीं दिया। सागर में शीघ्र ही रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर विश्वविद्यालय का लोकार्पण किया जाएगा।

देश में संभावनाओं के आधार पर विकास और भावनाओं पर सनातन संस्कृति का सम्मान हो रहा है
डॉ. यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में वनवासियों को साथ लेकर, प्राणी मात्र से प्रेम करते हुए भगवान श्री राम ने आदर्श पुत्र और आदर्श शासक का उदाहरण स्थापित किया। इसी का परिणाम है कि सभी आज भी राम राज्य की स्थापना की कामना करते हैं। जिसका अर्थ गरीब के जीवन से कष्ट मिटाना, देश को स्वाभिमान के साथ जीना सीखना और हर क्षेत्र में सुव्यवस्था स्थापित करना है। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर सबको गर्व है। देश में सांस्कृतिक अनुष्ठान का पर्व चल रहा है, देश में सर्वधर्म समभाव ही शासन संचालन का आधार है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश संभावनाओं के आधार पर विकास के मार्ग पर चल रहा है और भावनाओं के आधार पर सनातन संस्कृति अक्षुण्ण रहते हुए समृद्ध हो रही है।

अयोध्या से अरब देश तक आज हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देशवासी भारत को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज देश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है, दुनिया के सभी प्रमुख देश भारत से मित्रता को आतुर हैं। आज अयोध्या से अरब देश तक हमारे देवालय दैदिप्यमान हैं। यही कामना है कि देश और सनातन संस्कृति इसी तरह आगे बढ़ती रहे। भारत विश्व की पहले नंबर की अर्थव्यवस्था बने, इस उद्देश्य के लिए मध्य प्रदेश सरकार, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कार्यरत रहेगी और लोकतंत्र को सशक्त करेगी। मध्य प्रदेश देश का पहले नंबर का राज्य बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव विधानसभावार दौरे कर योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे विधानसभा वार दौरा कर विकास और जनकल्याण गतिविधियों का अवलोकन करेंगे तथा स्थानीय लोगों से संपर्क करेंगे। राज्य सरकार संवेदनशील है और गरीबों के हित को समर्पित है तथा पारदर्शी, जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने और सामान्य जन के मान सम्मान को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

खुले में मांस-मछली के विक्रय पर प्रतिबंध
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में खुले में मांस के विक्रय पर प्रतिबंध है। खुले में मांस का विक्रय स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। मांस विक्रय के लिए पृथक से मार्केट विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नगरीय निकायों को आवश्यकतानुसार राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार कार्यरत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के देश के विकास में योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि चुनी हुई सरकार से लोगों की आशाएं- अपेक्षाएं होती हैं और सरकार की विकास के लिए जवाबदारी होती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनता की सभी आशाओं, अपेक्षाओं को पूरा किया है। देश के सामने विद्यमान सभी चुनौतियों का दृढ़ता पूर्वक सामना किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने तीन तलाक के मामले में सही निर्णय लेकर मुस्लिम बहन-बेटियों के हितों की भी रक्षा की है। राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में कार्यरत है।

भूमि पूजन तथा लोकार्पण से बालाघाट क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी
क्षेत्रीय सांसद ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की डबल इंजन सरकार से प्रदेशवासियों की जो अपेक्षाएं हैं, वह सब पूरी होंगी। देश और प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। आगामी समय में विकास की गति और तेज होगी तथा नई लोक कल्याणकारी योजनाओं को भी स्वीकृतियां मिलेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पूर्व राज्य मंत्री रामकिशोर कांवरे ने बालाघाट जिले को आयुर्वेद महाविद्यालय की सौगात पर सहमति के लिए आभार माना। उन्होंने कहा कि आज हुए भूमि पूजन तथा लोकार्पण से बालाघाट क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। पूर्व मंत्री गौरी शंकर बिसेन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनंदन किया।



Madhya Pradesh, प्रतिवाद समाचार, प्रतिवाद, MP News, Madhya Pradesh News, MP Breaking, Hindi Samachar, prativad.com


Related News

Global News